हनीप्रीत के पूर्व पति विश्वास गुप्ता ने अपनी जान को खतरा बताया
![Former husband of honeypreet alleges threat to life Former husband of honeypreet alleges threat to life](https://images.prabhasakshi.com/2017/9/_2017092817401023_650x.jpg)
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की कथित दत्तक पुत्री हनीप्रीत इंसां के पूर्व पति विश्वास गुप्ता ने यहां पुलिस में शिकायत दायर कर अपनी जान को खतरा बताया।
करनाल। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की कथित दत्तक पुत्री हनीप्रीत इंसां के पूर्व पति विश्वास गुप्ता ने यहां पुलिस में शिकायत दायर कर अपनी जान को खतरा बताया। करनाल सिटी थाने के प्रभारी राजबीर सिंह ने बताया कि गुप्ता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे जाने से मारने की धमकी दी है। उन्होंने कहा, ‘‘गुप्ता ने यहां सेक्टर चार पुलिस चौकी में शिकायत दायर की और आरोप लगाया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे जान से मारने की धमकी दी है।
हम शिकायत को देख रहे हैं।’’ सिंह ने कहा कि गुप्ता को सुरक्षा उपलब्ध करा दी गई है। गुप्ता की हनीप्रीत से 1999 में शादी हुई थी और उन्होंने 2011 में तलाक के लिए आवेदन दिया। पिछले सप्ताह चंडीगढ़ में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए गुप्ता ने आशंका जताई थी कि डेरा प्रमुख के खिलाफ बोलने की वजह से उसकी हत्या की जा सकती है। गुरमीत राम रहीम बलात्कार मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद से जेल की सजा काट रहा है। डेरा प्रमुख को 25 अगस्त को दोषी ठहराए जाने के बाद से ही हनीप्रीत फरार है। हरियाणा पुलिस ने पंचकूला में हुई हिंसा के सिलसिले में हनीप्रीत के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया था।
अन्य न्यूज़