उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री नानक राम भुर्जी की लखनऊ में विधायक निवास परिसर से गिरकर मौत

उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता नानक राम भुर्जी की लखनऊ के हजरतगंज स्थित विधायक निवास परिसर की ऊपरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह लंबे समय से अवसाद से पीड़ित थे।
लखनऊ, 28 जुलाई उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नानक राम भुर्जी (68) की मंगलवार को हजरतगंज क्षेत्र स्थित दारुलशफा नए विधायक निवास परिसर के ऊपरी तल से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, विधायक निवास के कार्यालय प्रभारी ने स्थानीय चौकी को सूचना दी कि परिसर के पीछे एक ऊपरी तल से एक व्यक्ति गिर गया है।
पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और भुर्जी को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि भुर्जी लंबे समय से अवसाद से पीड़ित थे और उन्हें अक्सर विधायक निवास परिसर में घूमते हुए देखा जाता था। पुलिस के मुताबिक, परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अन्य न्यूज़














