Gayaji में जहरीली गैस से 4 लोगों की मौत, कुएं में मोटर मरम्मत के दौरान हादसा

बिहार के गयाजी जिले के डोभी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक कुएं के भीतर कृषि उपकरण ठीक करने उतरे पिता-पुत्र समेत चार लोगों की जहरीली गैस के कारण मौत हो गई। मृतकों की पहचान चमारी मांझी, दिलचंद मांझी, विकास चौधरी और विजय चौधरी के रूप में हुई है। घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को तत्काल चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि देने का निर्देश दिया है।
बिहार के गयाजी जिले में शुक्रवार को एक कुएं के अंदर कृषि कार्य में इस्तेमाल होने वाले मोटर की मरम्मत करने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। घटना जिले के डोभी थाना क्षेत्र के गरह कर्मौनी गांव में हुई।
अधिकारियों के अनुसार मृतकों की पहचान चमारी मांझी, उसके पुत्र दिलचंद मांझी, विकास चौधरी और विजय चौधरी के रूप में हुई है। गयाजी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुशील कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि कुएं के अंदर जहरीली गैस की चपेट में आने से दम घुटने के कारण चारों की मौत होने की प्रारंभिक जानकारी मिली है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कृषि कार्य में इस्तेमाल होने वाले बोरिंग उपकरण को ठीक करने के लिए सबसे पहले चमारी मांझी कुएं में उतरे थे और काफी देर तक उनके बाहर नहीं आने पर उनका पुत्र दिलचंद मांझी कुएं में गया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद विकास चौधरी और विजय चौधरी भी उन्हें बचाने के लिए कुएं में उतर गए। एसएसपी ने कहा, “कुएं में उतरने वाले चारों लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुएं के अंदर जहरीली गैस के कारण दम घुटने से उनकी जान गई।” घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
इस दौरान दमकलकर्मी अजीत कुमार भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। बाद में उन्हें होश आ गया और उनकी स्थिति सामान्य हो गई। पुलिस ने इसके बाद कुएं से चारों शवों को बाहर निकाला।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घटना पर शोक व्यक्त किया और अधिकारियों कोमृतकों के आश्रितों को तत्काल चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि गया में कुएं के अंदर जहरीली गैस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की।
उन्होंने कहा कि मृतकों के आश्रितों को तत्काल चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं।
अन्य न्यूज़














