बिहार में भारत-नेपाल सीमा के पास मुठभेड़ में चार माओवादी ढेर, एसएसबी का एक जवान जख्मी

Maoists

एसएसबी, पटना, के महानिरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि राम बाबू साहनी उर्फ राजन के नेतृत्व में माओवादी समूह मौके से भाग गया लेकिन उसका साथी बिपुल और तीन अन्य मुठभेड़ में मारे गये।

पटना। बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में भारत-नेपाल सीमा के पास शुक्रवार सुबह सुरक्षाकर्मियों ने चार कथित माओवादियों को मार गिराया। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के एक शीर्ष अधिकारी ने यहां यह जानकारी दी। एसएसबी, पटना, के महानिरीक्षक संजय कुमार के मुताबिक सुबह करीब पौने पांच बजे यह मुठभेड़ हुई और गोली लगने से एसएसबी का जवान रितुराज घायल हो गया। अधिकारी ने फोन पर बताया, ‘‘हमें वाल्मीकि नगर रिजर्व से लगे जंगल में माओवादियों के एक समूह के छिपे होने की सूचना मिली थी। संबद्ध पुलिस थाने से संपर्क कर एक अभियान की योजना बनाई गई।’’ 

इसे भी पढ़ें: माओवादियों को पैसा पहुंचाने वाला व्यक्ति गिरफ्तार, तेलंगाना पुलिस ने जब्त किए 17.4 लाख 

कुमार ने बताया कि राम बाबू साहनी उर्फ राजन के नेतृत्व में माओवादी समूह मौके से भाग गया लेकिन उसका साथी बिपुल और तीन अन्य मुठभेड़ में मारे गये। एसएसबी अधिकारी ने बताया कि साहनी को पकड़ने के लिये तलाश अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि माओवादियों के ठिकाने से एक एके-56 राइफल,तीन एसएलआर और एक .303राइफल बरामद की गई। इस बीच, मुंगेर जिले में नक्सलियों ने एक गांव पर धावा बोला, जहां उन्होंने दो लोगों की गला रेत कर हत्या कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। 

इसे भी पढ़ें: झारखंड के कोडरमा में सुरक्षाबलों ने कट्टर माओवादी को किया ढेर 

मुंगेर क्षेत्र के उप महानिरीक्षक मनु महाराज ने कहा कि मृतक की पहचान बृजलाल टुड्डु (39) और अरूण राय (36) के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि यह घटना मुंगेर जिले के खड़गपुर पुलिस थाना क्षेत्र में हुई। नक्सलियों ने मैाके पर पर्चे भी छोड़े हैं जिनमें उन पर पुलिस का मुखबिर होने का आरोप लगाया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़