Generative AI मॉडल गैर-अंग्रेजी भाषाओं में खर्च कर रहे 180 गुना तक अधिक बिजली

Generative AI मॉडल गैर-अंग्रेजी भाषाओं में खर्च कर रहे 180 गुना तक अधिक बिजली
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

शोधकर्ताओं के अनुसार एआई मॉडल गैर-अंग्रेजी भाषाओं में सवालों के जवाब तैयार करने के लिए अधिक टोकन का इस्तेमाल करते हैं। इससे न केवल ऊर्जा की खपत बढ़ती है बल्कि हिंदी और बांग्ला जैसी भाषाओं में मॉडल की सटीकता भी अंग्रेजी की तुलना में घट जाती है।

(कृष्णा) नयी दिल्ली, 26 नवंबर जनरेटिव कृत्रिम मेधा (एआई) अंग्रेजी की तुलना में दूसरी भाषाओं में सवालों को समझने और उनके जवाब तैयार करने में 180 गुना तक अधिक ऊर्जा खर्च कर सकती है। एक अध्ययन में यह बात सामने आई है। समीक्षा के बाद स्वीकार किए गए शोधपत्र में कहा गया है कि पश्चिमी यूरोप की अधिकतर भाषाओं में ऊर्जा की खपत अंग्रेजी की तुलना में दोगुनी या उससे कम है, जबकि करोड़ों लोगों द्वारा बोली जाने वाली हिंदी और बांग्ला में समान अर्थ वाले सवालों को संसाधित करने में क्रमशः करीब आठ गुना और 15 गुना से अधिक ऊर्जा खर्च होती है।

अध्ययन के मुताबिक, दक्षिणी पश्तो और तिब्बती भाषाओं में सवालों को संसाधित करने और जवाब तैयार करने में अंग्रेजी की तुलना में क्रमशः 188 गुना और 180 गुना तक अधिक ऊर्जा लग सकती है। यह शोधपत्र एम्पिरिकल मेथड्स इन नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग नामक शोध सम्मेलन में स्वीकार किया गया है। अमेरिका के मिशिगन विश्वविद्यालय और ब्रिटेन के एबरडीन तथा कैम्ब्रिज विश्वविद्यालयों के शोधकर्ताओं ने बताया कि एआई मॉडल उपयोगकर्ताओं के सामान्य भाषा में दिए गए सवालों को सबसे पहले टोकन में बदलते हैं।

टोकन एआई द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली डेटा की बुनियादी इकाई है। इसके बाद मॉडल इनका विश्लेषण करते हैं और जवाब तैयार करने के लिए टोकन को दोबारा मानव भाषा में बदलते हैं। शोधकर्ताओं के अनुसार, गैर-अंग्रेजी भाषाओं में काम करते समय एआई मॉडल अधिक टोकन तैयार करते हैं, जिससे ऊर्जा की खपत बढ़ जाती है।

एआई का इस्तेमाल तेजी से बढ़ने के साथ ही इसकी ऊर्जा खपत भी चिंता का विषय बन गई है, क्योंकि इन मॉडलों को प्रशिक्षित करने और चलाने के लिए बड़ी मात्रा में बिजली की जरूरत होती है। अध्ययन में एक और असमानता सामने आई। जिन भाषाओं में ऊर्जा की खपत सबसे अधिक है, उनमें एआई की सटीकता भी सबसे कम पाई गई।

शोधकर्ताओं ने इसे दोहरा नुकसान बताया है। एक विशेषज्ञ ने कहा कि एआई मॉडल को कई भाषाओं में एक साथ काम करने के लिए बाध्य करने से भाषाई उपनिवेशवाद का खतरा बढ़ सकता है। इंटरनेट पर उपलब्ध वेबसाइटों, किताबों, लेखों और अन्य डिजिटल सामग्री में अंग्रेजी तथा पश्चिमी भाषाओं की हिस्सेदारी भारतीय भाषाओं की तुलना में अधिक है।

जनरेटिव एआई मॉडल को इसी उपलब्ध डिजिटल सामग्री से प्रशिक्षित किया जाता है, जिससे यह असंतुलन और गहरा हो सकता है। कांतर-इंटरनेट एंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (आईएएमएआई) की 2024 की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत के 87 करोड़ इंटरनेट उपयोगकर्ताओं में से 98 प्रतिशत ने इंटरनेट पर भारतीय भाषाओं की सामग्री का इस्तेमाल किया, जबकि शहरी क्षेत्रों के 57 प्रतिशत उपयोगकर्ताओं ने भारतीय भाषाओं की सामग्री को प्राथमिकता दी। अध्ययन में भाषाओं को उच्च और कम संसाधन वाली श्रेणियों में बांटने के लिए मेटा के एक शोधपत्र का इस्तेमाल किया गया।

यह शोधपत्र नो लैंग्वेज लेफ्ट बिहाइंड नामक उसकी मुक्त स्रोत एआई पहल के तहत आर्काइव सर्वर पर प्रकाशित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य कम संसाधन वाली भाषाओं के लिए बेहतर मशीनी अनुवाद विकसित करना है। अध्ययन में उच्च संसाधन वाली भाषाओं के रूप में वर्गीकृत पारंपरिक चीनी, रूसी, डच, बुल्गारियाई, क्रोएशियाई और वियतनामी सहित कई भाषाओं में जनरेटिव एआई मॉडल की सटीकता 85 प्रतिशत या उससे अधिक रही।

इसके विपरीत, तमिल, तेलुगु, पूर्वी पंजाबी, गुजराती, कन्नड़ और मलयालम जैसी कम संसाधन वाली भारतीय भाषाओं में सटीकता करीब 64 से 75 प्रतिशत के बीच रही। हालांकि, उच्च संसाधन वाली भाषा मानी जाने वाली हिंदी इसका अपवाद है। अध्ययन के लेखक और मिशिगन विश्वविद्यालय में पीएचडी के शोधार्थी नैहाओ डेंग ने ‘पीटीआई’ को ईमेल से बताया, हिंदी को उच्च संसाधन वाली भाषा माना जाता है, लेकिन इसमें एआई मॉडल की सटीकता 75.9 प्रतिशत है, जबकि अंग्रेजी में यह 94.6 प्रतिशत है।

उन्होंने बताया कि ऊर्जा खपत के मामले में हिंदी में प्रति टोकन 0.20 जूल ऊर्जा खर्च होती है, जबकि अंग्रेजी में यह 0.10 जूल है। टोकन की कुल संख्या को शामिल करने पर एक कार्य के लिए हिंदी में कुल 1,41,770.8 जूल ऊर्जा खर्च हुई, जबकि अंग्रेजी में यह खपत 16,762.1 जूल रही। डेंग ने कहा कि बहुभाषी एआई मॉडल विकसित करने वाली कंपनियों को प्रत्येक भाषा के लिए अलग-अलग ऊर्जा खपत की जानकारी देनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि आधुनिक भाषा मॉडल तेजी से कई भाषाओं को समर्थन दे रहे हैं, इसलिए अलग-अलग भाषाओं में उनके प्रदर्शन का आकलन करना जरूरी है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), कानपुर के कंप्यूटर विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर अर्नब भट्टाचार्य ने कहा कि एआई और भाषा मॉडल के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए यह अध्ययन मौजूदा दौर के सबसे महत्वपूर्ण सवालों में से एक का जवाब देने की कोशिश करता है। उन्होंने कहा, सभी भाषाओं को एक ही श्रेणी में रखकर एक ही मॉडल से काम कराने का तरीका दुनिया की अधिकतर भाषाओं के लिए उपयोगी नहीं है और इससे भाषाई उपनिवेशवाद का खतरा पैदा हो सकता है।

भट्टाचार्य ने कहा कि यदि इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो डिजिटल असमानता बढ़ सकती है। अंग्रेजी पढ़े-लिखे भारतीयों को अपनी मातृभाषा के बजाय अंग्रेजी में सवाल पूछने पर कम लागत में अधिक सटीक जवाब मिल सकते हैं। उन्होंने बताया कि एआई में टोकन बनाने की प्रक्रिया (टोकनाइजेशन) के लिए अंग्रेजी को प्राथमिकता दी जाती है, क्योंकि इसमें शब्दों के साथ प्रत्यय अलग-अलग लिखे जाते हैं।

उदाहरण के तौर पर ऑफ अर्जुन को देखें। इसके विपरीत, भारतीय भाषाओं में शब्दों के मूल रूप के साथ प्रत्यय जुड़कर एक ही शब्द बनाते हैं। बांग्ला में इसका उदाहरण अर्जुनेर है।

भट्टाचार्य ने कहा कि भारतीय भाषाओं में उपलब्ध डिजिटल सामग्री की विविधता, गुणवत्ता और मात्रा भी अपेक्षाकृत कम है। इन कारणों से एल्गोरिद्म में मौजूद बुनियादी पक्षपात भारतीय भाषाओं को नुकसान पहुंचाता है। डेंग ने कहा कि एआई भाषा मॉडल के इस्तेमाल में बढ़ोतरी मुख्य रूप से गैर-अंग्रेजी भाषाएं बोलने वाले लोगों की वजह से हो रही है।

भारत इसका स्पष्ट उदाहरण है, जहां सैकड़ों भाषाएं बोली जाती हैं और आबादी का बड़ा हिस्सा अंग्रेजी के बजाय अन्य भाषाओं में काम करता है। उन्होंने कहा, जैसे-जैसे एआई शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, कृषि, सरकारी सेवाओं और कारोबार में इस्तेमाल होने लगेगा, भारत और दुनिया के अधिकाधिक लोग अपनी भाषाओं में इन मॉडलों का उपयोग करेंगे। इसके बावजूद मॉडलों का मूल्यांकन अब भी मुख्य रूप से अंग्रेजी में किया जाता है और अन्य भाषाओं में उनके प्रदर्शन की जानकारी या तो सीमित होती है या उपलब्ध ही नहीं होती।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़