Gurugram में 21 कचरा संवेदनशील स्थलों को साफ करने का 10 दिवसीय विशेष अभियान शुरू

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महरौली रोड पर नगर निगम द्वारा विकसित कचरा मुक्त स्थल का निरीक्षण कर इस मुहिम की शुरुआत की। 2 से 11 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान का मुख्य लक्ष्य चिन्हित स्थानों को साफ कर बेहतर सार्वजनिक स्थलों में बदलना है। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से खुले में कचरा न फेंकने और कचरे को स्रोत पर ही अलग करने की अपील की।

गुरुग्राम, दो अक्टूबर गुरुग्राम में महात्मा गांधी की जयंती पर शुक्रवार को ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ और हरियाणा में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कचरे के लिए संवेदनशील स्थलों (जीवीपी) को कचरा मुक्त बनाने के अभियान की शुरुआत की गई। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महरौली रोड स्थित डीएचबीवीएन कॉलोनी के पास नगर निगम गुरुग्राम द्वारा विकसित कचरा मुक्त स्थल का निरीक्षण कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सैनी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी व्यवस्थाओं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए और इसमें नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि सरकार व्यवस्था, सुविधाएं, आधुनिक तकनीक और संसाधन उपलब्ध करा सकती है, लेकिन घरों और संस्थानों से निकलने वाले कचरे को अलग करना नागरिकों की जिम्मेदारी है। सैनी ने स्वच्छता अभियान के तीन प्रमुख पहलुओं के रूप में सरकारी व्यवस्था, आधुनिक तकनीक और जनभागीदारी को रेखांकित करते हुए इसे व्यापक जन अभियान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से खुले में कचरा नहीं डालने, कचरे को स्रोत पर ही अलग करने और केवल अधिकृत कचरा संग्रहण वाहनों को कचरा सौंपने की अपील की।

अभियान के तहत गुरुग्राम में चिन्हित 21 कचरा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर उन्हें स्वच्छ और बेहतर सार्वजनिक स्थानों में बदलने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान का संदेश है, ‘‘10 दिन - 21 कचरा स्थल - एक गुरुग्राम।’’ दो से 11 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य चिन्हित स्थानों की सफाई के साथ लोगों में जिम्मेदार व्यवहार को बढ़ावा देना है, ताकि वहां दोबारा कचरा जमा न हो। नगर निगम गुरुग्राम ने निवासी कल्याण संघों, दुकानदारों, स्कूलों, युवाओं और स्थानीय निवासियों से अभियान में भाग लेने की अपील की है।

कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक कलाकारों ने प्रस्तुति के माध्यम से स्वच्छता और कचरा पृथक्करण का संदेश भी दिया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़