Hemant Soren का आरोप: BJP राजनीतिक लाभ के लिए अभ्यर्थियों को गुमराह कर रही है

Hemant Soren का आरोप: BJP राजनीतिक लाभ के लिए अभ्यर्थियों को गुमराह कर रही है
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर चल रहे आंदोलन के 17वें दिन विपक्षी दल भाजपा पर अभ्यर्थियों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर प्रदर्शनकारियों से आपसी संवाद और विश्वास के जरिए समस्या का समाधान निकालने की अपील की। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने पर काम कर रही है।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए उसके नेताओं पर राजनीतिक लाभ के लिए आंदोलनकारी अभ्यर्थियों को गुमराह करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। सोरेन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए आंदोलनकारियों से संवाद और विश्वास के जरिए अपनी समस्याओं का समाधान निकालने की अपील भी की। झारखंड की भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं को लेकर जारी आंदोलन सोमवार को 17वें दिन में प्रवेश कर गया।

सोरेन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, मैं... समझता हूं कि आपके शांतिपूर्ण आंदोलन के बीच विपक्ष के कुछ लोगों ने माहौल खराब करने और राजनीतिक लाभ के लिए छात्रों को गुमराह करने की कोशिश की। मैं आप सभी से अपील करता हूं कि ऐसे किसी भी राजनीतिक बहकावे में न आएं। आप झारखंड का भविष्य हैं।

उन्होंने कहा कि यह छात्रों की आवाज को नजरअंदाज करने का नहीं, बल्कि उसे सुनने और समस्याओं को सुलझाने का विषय है, जो कि सरकार की जिम्मेदारी है। सोरेन ने कहा, आपने अपनी मांगों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाई है। लोकतंत्र में अपनी बात रखना आपका अधिकार है और आपकी राय का सम्मान करना सरकार का फर्ज है।

मैं आपको आश्वासन देता हूं कि सरकार आपकी मांगों पर अत्यंत गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ विचार करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा, हम परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रौद्योगिकी-संचालित, सुरक्षित और जवाबदेह बनाना चाहते हैं। हमारा स्पष्ट उद्देश्य व्यवस्था की कमियों को दूर करना है ताकि भविष्य में किसी भी छात्र को परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार ने प्रदर्शनकारी छात्रों की बात सुनी है और उनके साथ लगातार बातचीत जारी है। सोरेन ने कहा, पिछले कुछ दिनों में आपने देखा है कि सरकार ने किसी को भी नहीं बख्शा है, चाहे दोषी कोई भी हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयास केवल समस्याओं पर चर्चा करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाधान की एक नयी मिसाल कायम करने के लिए काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, बात आपकी आवाज को अनसुना करने की नहीं है, बल्कि आपकी बात सुनने और आपकी समस्याओं का समाधान करने की है – और यह हमारी जिम्मेदारी है। मैं अपनी बात दोहराऊंगा कि आइए बातचीत और आपसी विश्वास के जरिए मिलकर इस मुद्दे को सुलझाएं। मुख्यमंत्री ने सोमवार को छात्रों के आंदोलन के दौरान स्थिति को धैर्य और संवेदनशीलता के साथ संभालने के लिए प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों व कर्मियों का आभार भी व्यक्त किया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़