Kullu में पुलिस टीम पर भीड़ का हमला, BJP प्रवक्ता राकेश जामवाल ने सरकार को घेरा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कुल्लू में चरस तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर भीड़ द्वारा हमला कर आरोपियों को छुड़ाने की घटना सामने आई है। भाजपा मुख्य प्रवक्ता राकेश जामवाल ने इसे राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का प्रमाण बताया। उन्होंने गृह विभाग संभाल रहे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से इस विफलता पर जवाबदेही तय करने की मांग की।

भाजपा की हिमाचल प्रदेश इकाई के मुख्य प्रवक्ता राकेश जामवाल ने मंगलवार को कुल्लू में भीड़ द्वारा पुलिस पर कथित तौर पर हमला किए जाने तथा दो आरोपियों को जबरन छुड़ा ले जाने की घटना को राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति उजागर करने वाला बताया। विधायक जामवाल ने यहां जारी एक बयान में कांग्रेस सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर चरस तस्करी के आरोपी दो संदिग्धों को रोका और उनके पास से मादक पदार्थ बरामद किया। उन्होंने कहा, “हालांकि, लगभग 40 लोगों की भीड़ ने - जिनमें एक महिला पंचायत प्रधान भी शामिल थी - कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और आरोपी को जबरन छुड़ा ले गई।

बाद में, पुलिस सड़क पर गिरा 508 ग्राम चरस बरामद करने में सफल रही।” राज्य सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब अपराधी पुलिसकर्मियों पर हमला करने की हिम्मत करते हैं और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में बाधा डालते हैं, तो यह हिमाचल प्रदेश में कानून-व्यवस्था लागू करने वाली एजेंसियों के लिए एक चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है। गृह विभाग का भी जिम्मा संभाल रहे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए जामवाल ने कहा कि राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिए वे अपनी जवाबदेही से नहीं बच सकते। जामवाल ने सवाल किया, “अगर पुलिसकर्मी ही अपनी ड्यूटी के दौरान हमलों का शिकार हो जाएं, तो आम नागरिक खुद को सुरक्षित कैसे महसूस कर सकते हैं?।”

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़