यूपी में अपर्णा और संघमित्रा मौर्य को भाजपा ने बताया पोस्टर गर्ल, नारा दिया- सुरक्षा जहां, बेटियां वहां

BJP Poster
अंकित सिंह । Jan 19 2022 9:09PM

आपको बता दें कि संघमित्रा मौर्य के पिता स्वामी प्रसाद मौर्य हाल में ही भाजपा से इस्तीफा देकर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए थे। माना जा रहा है कि भाजपा इस पोस्टर के जरिए उत्तर प्रदेश में महिलाओं को लेकर दुरुस्त हुई कानून व्यवस्था को दिखाने की कोशिश कर रही है।

उत्तर प्रदेश में चुनावी बिगुल बज चुका है। मुख्य मुकाबला समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच होती दिखाई दे रही है। इन सब के बीच आज समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव भी भाजपा में शामिल हो गईं। भाजपा में एंट्री के साथ ही वाह पार्टी की पोस्टर गर्ल बन गई हैं। भाजपा के पोस्टर में अपर्णा यादव के अलावा स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी और बदायूं से सांसद संघमित्रा मौर्य को भी शामिल किया गया है। आपको बता दें कि संघमित्रा मौर्य के पिता स्वामी प्रसाद मौर्य हाल में ही भाजपा से इस्तीफा देकर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए थे। माना जा रहा है कि भाजपा इस पोस्टर के जरिए उत्तर प्रदेश में महिलाओं को लेकर दुरुस्त हुई कानून व्यवस्था को दिखाने की कोशिश कर रही है।

इसे कांग्रेस के 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' अभियान का काट भी माना जा रहा है। इतना ही नहीं, सूत्र यह भी दावा कर रहे हैं कि भाजपा जल्द ही कांग्रेस की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य को भी पार्टी में शामिल करा सकती है। आपको बता दें कि प्रियंका मौर्य कांग्रेस पार्टी से नाराज चल रही हैं। भाजपा की ओर से इस पोस्टर को साझा करते हुए कहा जा रहा है कि बेटियां वहां, सम्मान और सुरक्षा जहां...। भाजपा इसे नारा बनाने की कोशिश कर रही है। इस फोटो को ट्वीट करते हुए भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने लिखा कि योगी सरकार ने यूपी को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाया है सुरक्षा जहां, बेटिया वहां।

इसे भी पढ़ें: Prabhasakshi News Updates: बीजेपी में शामिल हुई मुलायम सिंह की बहू अपर्णा यादव, पढ़िए आज की अन्य बड़ी खबरें

इससे पहले उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी एक तस्वीर साझा की थी। अपर्णा यादव के सीएम योगी और जेपी नड्डा से मुलाकात वाली तस्वीर को साझा करते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने लिखा था बेटियां वहां... सम्मान और सुरक्षा जहां। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच लगातार आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। इस पोस्टर के जरिए ना सिर्फ भाजपा ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा है बल्कि स्वामी प्रसाद मौर्य को भी घेरा है। संघमित्रा मौर्य बदायूं से भाजपा की सांसद हैं और उन्होंने स्पष्ट भी कर दिया है कि वह भाजपा में ही रहेंगी। भाजपा इस पोस्टर के जरिए महिलाओं को साधने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही यह भी दिखाने की कोशिश कर रही है कि योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में कानून राज स्थापित हुआ है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़