Bihar में 'सुशासन बाबू' युग का अंत? Nitish ने दाखिल किया Rajya Sabha के लिए नामांकन, अमित शाह भी रहे साथ

Nitish files nomination
PR
अंकित सिंह । Mar 5 2026 1:56PM

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अमित शाह की मौजूदगी में राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया, जिससे राज्य में पहली बार भाजपा के मुख्यमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। यह कदम बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव का संकेत है, जहाँ नीतीश कुमार अब केंद्र की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने आज राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बिहार विधानसभा पहुंचे और अपना नामांकन पत्र जमा किया। कुमार वर्ष 2005 से अब तक रिकॉर्ड 10 बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में नए मुख्यमंत्री और राज्य की नयी सरकार को उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा। 

इसे भी पढ़ें: Nitish Kumar के Rajya Sabha जाने से पहले Patna में सियासी हलचल, Amit Shah से मुलाकात के क्या हैं मायने?

कुमार ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में राज्य की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘दो दशकों से अधिक समय तक आपने मुझ पर लगातार भरोसा और समर्थन जताया है। उसी विश्वास की ताकत से हमने बिहार और आप सभी की पूरी समर्पण भावना से सेवा की है। आपके भरोसे और समर्थन के कारण ही आज बिहार विकास और सम्मान की एक नयी पहचान प्रस्तुत कर रहा है।’’ उन्होंने कहा कि अपने संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनकी इच्छा रही है कि वह राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों और संसद के दोनों सदनों के सदस्य बनें। उन्होंने कहा, ‘‘इसी आकांक्षा के अनुरूप मैं इस बार होने वाले चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनने का प्रयास कर रहा हूं।’’ 

इसे भी पढ़ें: Bihar Politics: नीतीश के फैसले से JDU में 'बगावत', रोते हुए समर्थक बोले- हम आपको जाने नहीं देंगे

कुमार ने कहा कि मैं आपको पूरे विश्वास के साथ आश्वस्त करना चाहता हूं कि भविष्य में भी आपसे मेरा संबंध बना रहेगा और विकसित बिहार के निर्माण के लिए आपके साथ मिलकर काम करने का मेरा संकल्प अटल रहेगा। राज्य में बनने वाली नयी सरकार को मेरा पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा। पिछले वर्ष नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को प्रचंड जीत दिलाने के बाद कुमार के पद छोड़ने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कोई नेता राज्य के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल सकता है। यदि ऐसा होता है तो बिहार को पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री मिलेगा। हिंदी पट्टी के राज्यों में बिहार ही एकमात्र ऐसा राज्य है जहां अब तक भाजपा का मुख्यमंत्री नहीं रहा है। बिहार से राज्यसभा की पांच सीट के लिए 16 मार्च को मतदान होना है और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि बृहस्पतिवार है। 

All the updates here:

अन्य न्यूज़