झारखंड में Congress ने शुरू किया लोकतंत्र बचाओ सप्ताह, 8 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

महात्मा गांधी की जयंती पर झारखंड कांग्रेस ने संविधान और मतदान अधिकार की रक्षा के संकल्प के साथ 'लोकतंत्र बचाओ सप्ताह' शुरू किया। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने मांडर के खख्शी टोली में स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी और अनुच्छेद 326 के प्रावधान पढ़कर सुनाए। यह जनजागरूकता अभियान आठ अक्टूबर तक जारी रहेगा।
रांची, दो अक्टूबर झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल कांग्रेस ने महात्मा गांधी की जयंती पर संविधान और नागरिकों के मतदान के अधिकार की रक्षा का संकल्प लेते हुए शुक्रवार को ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ अभियान शुरू किया। कांग्रेस नेताओं ने मांडर विधानसभा क्षेत्र के बेड़ो प्रखंड स्थित खख्शी टोली में स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर इस कार्यक्रम की शुरुआत की। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने संविधान के अनुच्छेद 326 के प्रावधानों को पढ़कर सुनाया।
उन्होंने कहा, ‘‘मतदान केवल सरकार चुनने का माध्यम नहीं है। यह लोगों की आवाज, उनके अधिकारों और लोकतंत्र में उनकी भागीदारी का प्रतीक है।’’ उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोकतांत्रिक अधिकारों के बारे में लोगों को जागरूक करना और संविधान की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। कमलेश ने कहा, ‘‘सप्ताह भर चलने वाले इस अभियान के माध्यम से कांग्रेस मतदान के अधिकार के महत्व को रेखांकित करेगी, पात्र मतदाताओं को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी और लोगों को अधिक से अधिक भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करेगी।’’ यह अभियान आठ अक्टूबर तक जारी रहेगा।
अन्य न्यूज़















