Kangana Ranaut का विपक्ष पर तंज, वैश्विक संकट के बीच देश को PM Modi के मजबूत नेतृत्व की सख्त जरूरत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में भाजपा सांसद कंगना रनौत ने सत्ता परिवर्तन संबंधी बयानों पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने फ्रांस की हालिया अशांति और वैश्विक तनाव का हवाला देते हुए कहा कि मौजूदा दौर में देश को प्रधानमंत्री के निर्णायक नेतृत्व की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में 19 लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद कंगना रनौत ने सत्ता परिवर्तन को लेकर टिप्पणी करने वाले विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए रविवार को कहा कि उनकी ओछी हरकतें देश को यह बार-बार याद दिलाती हैं कि देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व की कितनी सख्त जरूरत है। यहां स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में रनौत ने फ्रांस में हाल में फैली अशांति और दुनिया भर में जारी संघर्षों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं भारत के लिए प्रधानमंत्री मोदी के निर्णायक नेतृत्व को और भी जरूरी बनाती हैं।

सत्ता परिवर्तन को लेकर विपक्ष की टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने दावा किया, “इस तरह की गिरी हुई हरकतें देश को बार-बार याद दिला रही हैं कि मजबूत नेतृत्व जरूरी है। आपने देखा कि कल रात फ्रांस में क्या हुआ। हर जगह आग लगा दी गई, ऐतिहासिक इमारतों को नष्ट कर दिया गया और लूटपाट हुई।” मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों के बीच वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण की ‘सत्ता परिवर्तन’ संबंधी टिप्पणी को लेकर विपक्षी दलों की आलोचना हो रही है।

इस सप्ताह की शुरुआत में संवाददाता सम्मेलन के दौरान भूषण ने कहा था कि किसी लोकतंत्र में सरकार के खिलाफ ‘असंतोष’ अपराध नहीं है और अब संघर्ष “वास्तव में सत्ता परिवर्तन के लिए” है। भाजपा के कई नेताओं ने इस टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। रनौत ने कहा, “तीसरे विश्व युद्ध की संभावनाओं को लेकर दुनिया में जो स्थिति बनी हुई है, उसे हर कोई देख रहा है।

विपक्ष हर दिन यह दिखा रहा है कि भारत को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व की जरूरत पहले से कहीं ज्यादा क्यों है।” मंडी की सांसद ने कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के कारण 19 लोगों की मौत पर शोक जताया। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताया और त्योहारों के दौरान अत्यधिक भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने की अपील की। शनिवार शाम बारिश के बीच भीड़ बढ़ने के कारण उत्तर कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ मच गई थी।

इस घटना में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़