कर्नाटक के मंत्री निरानी ने मुख्यमंत्री येदियुरप्पा को हटाने के लिए गोलबंदी से इनकार किया

Yeddyurappa

कर्नाटक में खनन एवं भूविज्ञान मंत्री मुरुगेश आर निरानी ने मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा को हटाने के लिए गोलबंदी करने की बात से इनकार करते हुए कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) केंद्रीय नेतृत्व के किसी भी फैसले का पालन करेंगे।

कलबुर्गी (कर्नाटक)। कर्नाटक में खनन एवं भूविज्ञान मंत्री मुरुगेश आर निरानी ने मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा को हटाने के लिए गोलबंदी करने की बात से इनकार करते हुए कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) केंद्रीय नेतृत्व के किसी भी फैसले का पालन करेंगे। निरानी ने यहां पत्रकारों से कहा कि वह भाजपा के एक सामान्य पदाधिकारी हैं और पार्टी के आदेश का पालन करना उनका कर्तव्य है। मंत्री ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है और दूसरी पार्टियों की तरह यहां पदों के लिए गोलबंदी नहीं चलेगी।

इसे भी पढ़ें: गृह मंत्री ने मावियोंग में अंतरराज्यीय बस टर्मिनल का किया उद्घाटन, बोले- यह रोड कनेक्टिविटी के लिए बहुत बड़ा केंद्र बनेगा

येदियुरप्पा ने घोषणा की थी कि वह पार्टी नेतृत्व के निर्देश का पालन करेंगे। इसके बाद राज्य के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर जिन लोगों के नाम पर अटकलें लग रही हैं, उनमें निरानी का नाम भी शामिल है। मंत्री ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री को हटाने का कोई निर्देश नहीं है। वह अब भी हमारे नेता हैं और हम सभी उनके साथ हैं। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व मुख्यमंत्री पद पर फैसला लेगा और हम सभी को इसका पालन करना होगा।’’ निरानी करीब एक पखवाड़ा पहले दिल्ली आए थे और अपने इस दौरे को ‘सफल’ बताया था, हालांकि उन्होंने येदियुरप्पा को समर्थन भी दोहराया था।

इसे भी पढ़ें: झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस मीराबाई चानू की तारीफ में कहा- भारत का मान बढ़ाया

गोलबंदी के सवाल पर निरानी ने कहा, ‘‘मैंने अपने जीवन में किसी पद के लिए गोलबंदी नहीं की। पार्टी ने मुझे जो जिम्मेदारी दी मैंने उसे निभाया। हमारे राष्ट्रीय नेता सभी कारकों पर गौर करने के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए सही व्यक्ति का चुनाव करेंगे।’’ निरानी तीन बार विधायक रहे हैं और वह एक उद्योगपति हैं और चीनी मिल चलाने वाले एमआरएन ग्रुप के मालिक हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़