केरल विधानसभा मार्च के दौरान BJP-युवा मोर्चा का प्रदर्शन उग्र, पुलिस ने छोड़ी आंसू गैस

केरल विधानसभा मार्च के दौरान BJP-युवा मोर्चा का प्रदर्शन उग्र, पुलिस ने छोड़ी आंसू गैस
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

तिरुवनंतपुरम में शुक्रवार को केरल लोक सेवा आयोग में कथित अनियमितताओं और सीएम पिनराई विजयन के इस्तीफे की मांग को लेकर निकाला गया मार्च हिंसक हो गया। पुलिस ने बैरिकेड हटाने की कोशिश कर रहे 200 से अधिक कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछारें कीं और आंसू गैस के गोले दागे।

लोक सेवा आयोग (पीएससी) में कथित अनियमितताओं और नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को केरलम विधानसभा की ओर भाजपा-युवा मोर्चा के मार्च के दौरान हिंसा भड़क उठी और प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े एवं पानी की बौछार की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और युवा मोर्चा ने सरकारी नौकरियों में भर्ती में देरी समेत केरलम लोक सेवा आयोग में कथित अनियमितताओं के विरोध में यह मार्च निकाला।

मुख्यमंत्री रहते हुए कोचिन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) से कथित तौर पर भुगतान प्राप्त करने के मामले में विजयन और उनके परिवार के खिलाफ सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) द्वारा मामले दर्ज किए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने उनके इस्तीफे की मांग की। महिलाओं सहित भाजपा और युवा मोर्चा के 200 से अधिक कार्यकर्ताओं ने विधानसभा की ओर मार्च किया। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए रास्ते में बैरिकेड लगाए थे।

अधिकारियों ने बताया कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाने और उन पर चढ़ने की कोशिश की जिसके बाद पुलिस ने कई बार पानी की बौछारें कीं। प्रदर्शनकारियों के विरोध जारी रखने पर पुलिस ने उन्हें चेतावनी दी कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों के वहां से हटने से इनकार करने पर पुलिस ने आंसू गैस के दो गोले दागे।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बिना किसी उकसावे के आंसू गैस का इस्तेमाल किया। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के कई कार्यकर्ता और प्रदर्शन को कवर कर रहे एक पत्रकार घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों को पास के एक अस्पताल में ले जाया गया।

भाजपा ने इस महीने के अंत में केरल विधानसभा सत्र के खत्म होने तक कई विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़