Kerala के गृह मंत्री Ramesh Chennithala की चेतावनी, अवैध स्पा पर होगी कड़ी कार्रवाई

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केरलम में गैरकानूनी रूप से चल रहे स्पा के खिलाफ पुलिस का अभियान और तेज होगा। गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने बताया कि इन जगहों पर महिलाओं के शोषण और वित्तीय धोखाधड़ी की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। सरकार अब इस पूरे क्षेत्र को नियंत्रित करने के लिए सख्त कानून लाने पर विचार कर रही है।

केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने सोमवार को कहा कि अवैध रूप से संचालित स्पा के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ऐसी जगहों पर बड़े पैमाने पर महिलाओं के शोषण और वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायतें मिल रही हैं। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन स्पा’ के तहत पुलिस पिछले तीन-चार दिन से पूरे केरलम में स्पा पर छापेमारी कर रही है।

उन्होंने चेतावनी दी कि जो स्पा कानूनी नियमों का पालन नहीं करेंगे उन्हें बंद कर दिया जाएगा। हाल में तिरुवनंतपुरम के कोवलम में एक स्पा के अंदर नाबालिग के यौन उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अन्य घटना में कोच्चि के एक स्पा में नौकरी देने का झांसा देकर एक महिला से कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘केरलम में दुकान एवं प्रतिष्ठान अधिनियम के तहत उचित कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किए बिना स्पा खोले जा रहे हैं। इस बारे में बहुत कम स्पष्टता है कि इन प्रतिष्ठानों को कौन शुरू कर रहा है और वहां क्या गतिविधियां हो रही हैं। सरकार इस क्षेत्र को विनियमित करने के लिए कानून बनाने पर गंभीरता से विचार कर रही है।’’ चेन्निथला ने कहा कि राज्य के कई हिस्सों से शिकायतें मिली हैं कि इन प्रतिष्ठानों में महिलाओं का शोषण किया जा रहा है, परिवारों का फायदा उठाया जा रहा है और लोगों के साथ धोखाधड़ी की जा रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘केरलम के भीतर और बाहर से महिलाओं को लाकर इन प्रतिष्ठानों में काम पर रखा जा रहा है और उनका शोषण किया जा रहा है। इस तरह की कई शिकायतें सामने आ रही हैं। इस क्षेत्र में यौन शोषण एक बड़ी चिंता बनकर उभरा है।’’ उन्होंने कहा कि कई स्पा बिना लाइसेंस और जिम्मेदारी के संचालित हो रहे हैं जबकि कुछ पर ग्राहकों से धोखाधड़ी कर पैसे वसूलने के आरोप हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे स्पा तत्काल बंद किए जाने चाहिए। केरलम में उन्हें संचालित होने देने का कोई सवाल ही नहीं है। इन प्रतिष्ठानों को चलाने वालों को ऐसी गतिविधियां बंद करनी होंगी अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’ मंत्री ने कहा कि पुलिस पहले ही छापेमारी कर चुकी है और मामले दर्ज किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कुछ स्पा के उचित तरीके से संचालित होने की बात स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा कि शोषण और धोखाधड़ी रोकने के लिए सख्त कानूनी हस्तक्षेप की जरूरत है। मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान ‘ऑपरेशन तूफान’ के बारे में चेन्निथला ने कहा कि इसे जनता की अधिक भागीदारी के साथ पूरे राज्य में विस्तारित किया जाएगा।

अभियान के प्रभाव का उल्लेख करते हुए चेन्निथला ने कहा कि केरलम में मादक पदार्थों का सेवन 30 प्रतिशत से अधिक घटा है। उन्होंने कहा कि हिंसक घटनाओं, हत्याओं और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं में भी काफी कमी आई है। उन्होंने कहा, ‘‘सभी क्षेत्रों में लोग सहयोग कर रहे हैं और विशेष रूप से महिलाएं ‘ऑपरेशन तूफान’ को काफी समर्थन दे रही हैं।’’ नशे में वाहन चलाने के मामलों पर मंत्री ने कहा कि केरलम में दो दिन तक वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में करीब 10,000 लोगों को पकड़ा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़