Kerala: सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरकर व्यक्ति की मौत

dead body
ANI

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मूसा रविवार रात विलियापल्ली में सड़क किनारे नाली निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में बेहोश पाए गए थे। प्राथमिकी के अनुसार, उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

केरल के वडकरा में सड़क निर्माण कार्य के तहत खोदे गए एक गड्ढे में गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने मृतक की पहचान वडकरा के विलियापल्ली, अमरावती निवासी मूसा (55) के रूप में की है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मूसा रविवार रात विलियापल्ली में सड़क किनारे नाली निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में बेहोश पाए गए थे। प्राथमिकी के अनुसार, उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस का अंदाजा है कि मूसा शाम करीब छह बजे गड्ढे में गिरे थे, लेकिन कई घंटों बाद लोगों की नजर उन पर पड़ी। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि निर्माण स्थल पर कोई अवरोधक या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। वडकरा पुलिस ने अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़