Kerala के त्रिशूर में Railway महिला कर्मी पर पत्थर से हमला, अस्पताल में भर्ती

Kerala के त्रिशूर में Railway महिला कर्मी पर पत्थर से हमला, अस्पताल में भर्ती
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

त्रिशूर जिले के पार्लिक्काड में शनिवार देर रात रेलवे फाटक पर रखरखाव का काम कर रही एक महिला कर्मचारी पर अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने व्यक्तिगत रंजिश और काम रोकने के इरादे से सिर पर वार किए, जिससे वह घायल हो गई। पुलिस ने बीएनएस के तहत केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच शुरू कर दी है।

केरलम के त्रिशूर जिले में पार्लिक्काड के पास रेलवे फाटक पर ड्यूटी कर रही एक महिला कर्मचारी पर शनिवार रात एक अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर पत्थर से हमला कर दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 11 बजकर 10 मिनट पर पार्लिक्काड में रेलवे फाटक संख्या 11 के गेट लॉज के पास हुई।

रेलवे की 42 वर्षीय महिला कर्मचारी वहां ट्रैक के रखरखाव का काम कर रही थी। वडक्कनचेरी पुलिस थाने के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर परिसर में जबरन घुसा और महिला को ड्यूटी करने से रोकने के इरादे तथा व्यक्तिगत रंजिश के चलते उस पर पत्थर से हमला किया। प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी ने पहले महिला पर पत्थर से वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गई।

इसके बाद उसने उसके सिर पर दोबारा हमला कर दिया। आरोपी ने तीसरी बार भी महिला के सिर पर वार करने की कोशिश की, लेकिन उसने बचाव कर लिया। पुलिस ने बताया कि महिला के सिर और बांह पर चोटें आई हैं तथा उसका त्रिशूर के एक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) भी मामले की जांच कर रहा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़