Bihar के Khagaria में सड़क परियोजना स्थल पर सुरक्षाकर्मी को मारी गोली, दो संदिग्ध फरार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

खगड़िया के अगुवानी-सुल्तानगंज फोरलेन निर्माण स्थल पर शनिवार देर रात चोरी की कोशिश का विरोध करने पर दो अज्ञात युवकों ने एक गार्ड को पैर में गोली मार दी। पंजाब निवासी घायल सुरक्षाकर्मी मासा सिंह को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है।

खगड़िया, नौ अगस्त बिहार के खगड़िया जिले में शनिवार देर रात निर्माणाधीन सड़क परियोजना स्थल पर चोरी की कथित कोशिश के दौरान एक सुरक्षाकर्मी को गोली मार दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना करीब 1.30 बजे अगुवानी-सुल्तानगंज चार लेन परियोजना के तहत निर्माणाधीन टोल प्लाजा स्थल पर हुई।

पुलिस ने बताया कि घायल सुरक्षाकर्मी की पहचान पंजाब के तरन तारन निवासी मासा सिंह के रूप में हुई है और वह एक निजी एजेंसी के माध्यम से वहां तैनात था। परबत्ता के थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया, ‘‘घटनास्थल पर घेराबंदी की गयी और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है।

हम विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रहे हैं और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।’’ सुरक्षाकर्मी ने पुलिस को बताया कि उसने दो संदिग्ध युवकों को चोरी के इरादे से निर्माण स्थल में प्रवेश करते देखा था। सिंह ने कहा, ‘‘जब मैंने शोर मचाया, तो उनमें से एक युवक ने गोली चला दी, जो मेरे पैर में लगी।’’ उन्होंने दावा किया कि गोली चलाने के बाद दोनों संदिग्ध मौके से फरार हो गए। अधिकारियों ने बताया कि सिंह को पहले परबत्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में बेहतर उपचार के लिए खगड़िया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि संदिग्धों का मकसद केवल चोरी करना था या निर्माण स्थल को निशाना बनाने के पीछे कोई और वजह थी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़