अरुणाचल प्रदेश में भूस्खलन पीड़ितों से मिलने पहुंचे रिजिजू

Kiren Rijiju visits landslide victims in Arunachal Pradesh
[email protected] । Jul 14 2017 4:33PM

केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू भूस्खलन में मारे गए 14 लोगों के परिवार से मिलने आज पापमपारे पहुंचे। उन्होंने बताया कि अधिकारियों से एक महीने के भीतर सड़क संपर्क बहाल करने को कहा है।

पापमपारे। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू भूस्खलन में मारे गए 14 लोगों के परिवार से मिलने आज यहां पहुंचे। उन्होंने बताया कि अधिकारियों से एक महीने के भीतर सड़क संपर्क बहाल करने को कहा है। अधिकारियों ने बताया कि बीते कुछ दिनों से जारी लगातार बारिश से आई बाढ़ और भूस्खलन से बहुत बड़े इलाके से संपर्क टूट गया है। शेष देश से कई जिला मुख्यालयों का संपर्क भी कट गया है। गत 11 जुलाई को हुए भूस्खलन में लापटाप गांव में कई घर बह गए थे जिसमें कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई थी।

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री रिजिजू यहां के स्थानीय सांसद भी हैं। वे लापटाम में शोकाकुल परिवारों से मिलने पहुंचे। पूरे पापमपारे जिले में भूस्खलन हुआ है जिसके चलते बाकी के राज्य से इसका संपर्क टूट गया है। उन्होंने कहा, ‘‘भूस्खलन में लोगों की मौत का मुझे अफसोस है। स्थानीय सांसद होने के नाते मैं केंद्र की ओर से आपको हर संभव सहायता का आश्वासन देता हूं। इस कठिन समय में हम गांव के लोगों के साथ हैं।’’ रिजिजू के साथ पूर्व मुख्यमंत्री नबाम तुकी भी थे। उन्होंने जिले का हवाई सर्वेक्षण भी किया।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़