Kolkata Police कमिश्नर की सीधी चेतावनी, 'डर का माहौल बनाने वालों पर होगी सबसे सख्त कार्रवाई'

Kolkata Police
प्रतिरूप फोटो
ANI

पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद हुई हिंसा पर कोलकाता पुलिस आयुक्त ने सख्त चेतावनी जारी करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी; इस सिलसिले में अब तक 80 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के बाद छिटपुट हिंसा की घटनाओं की खबरों के बीच कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंद ने बुधवार को चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि उपद्रवियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और अब तक कोलकाता पुलिस क्षेत्राधिकार में 80 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

नंद ने कहा कि गिरफ्तार किए गए 80 लोगों में से 65 को विशिष्ट मामलों में हिरासत में लिया गया है, जबकि 15 अन्य को एहतियाती तौर पर पकड़ा गया है। पुलिस आयुक्त ने कहा, ‘‘जो भी व्यक्ति डर या आतंक का माहौल बनाने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’ नंद ने यहां पुलिस मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि किसी को भी किसी तरह की हिंसा या कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने वाले कृत्यों में शामिल नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ घटनाएं हुई हैं, लेकिन स्थिति कुल मिलाकर शांतिपूर्ण है।

उन्होंने यह भी बताया कि छापेमारी के दौरान कई हथियार भी बरामद किए गए हैं। नंद ने चेतावनी दी कि चुनाव प्रचार के दौरान केंद्र में रहे बुलडोजर को किसी भी विजय जुलूस में शामिल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘जेसीबी (बुलडोजर) या इसी तरह के उपकरणों के साथ कोई रैली नहीं निकाली जाएगी।’’

पुलिस प्रमुख ने कहा कि यदि जेसीबी मालिक अपने वाहन ऐसे उद्देश्यों के लिए किराये पर देते हैं, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि चुनाव के बाद की स्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) और कोलकाता पुलिस संयुक्त रूप से काम करेंगे, जैसा कि उन्होंने विधानसभा चुनाव के दौरान किया था। उन्होंने कहा, ‘‘हम समाज के हर सदस्य का सहयोग और योगदान चाहते हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़