#LatestHindiNews देश दुनिया को प्रभावित करने वाली आज की सबसे बड़ी ख़बरें 13 August 2019

latest-hindi-news-of-14-august-2019

प्रभासाक्षी की विशेष पेशकश दिनभर की बड़ी ख़बरों से सम्बंधित बुलेटिन में पेश हैं आज की बड़ी ख़बरें। हमारा यह नया प्रयास आपको कैसा लगा इसके बारे में अपनी प्रतिक्रियाएं हमें अवश्य भेजें।

दिग्विजय ने RSS पर बोला हमला कहा- ब्रिटिश हुकूमत का साथ दे रहा था संघ

कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) 1947 से पहले ब्रिटिश हुकुमत का साथ दे रहा था और उसने भारत छोड़ो आंदोलन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का विरोध किया था। दिग्विजय ने संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस ने हमेशा राष्ट्रीय ताकत को बल दिया है।

सत्यपाल मलिक ने कहा विपक्षी नेताओं को लाने की बात करके अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं राहुल

जम्मू कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने राज्य का दौरा करने के लिए पूर्व शर्तें लगाने को लेकर मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना की और आरोप लगाया कि गांधी विपक्षी नेताओं का प्रतिनिधिमंडल लाने की बात कर अशांति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। कश्मीर में हिंसा की खबरों संबंधी गांधी के बयान पर मलिक ने सोमवार को कहा था कि वह राहुल गांधी को घाटी का दौरा करने और जमीनी हकीकत जानने के लिए एक विमान भेजेंगे।

पाक के लड़ाकू विमान को मार गिराने वाले विंग कमांडर अभिनंदन को मिलेगा वीर चक्र

भारतीय वायुसेना के जांबाज विंग कमांडर अभिनंदन को इस स्वतंत्रता दिवस पर वीर चक्र से सम्मानित किया जायेगा। अभिनंदन ने पाकिस्तान में घुसकर उसके एफ-16 लड़ाकू विमान को तब मार गिराया था जब इस वर्ष 27 फरवरी को पाकिस्तानी विमानों ने भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश की थी। वीर चक्र तीसरा सबसे बड़ा सैन्य सम्मान है और अभिनंदन को यह स्वत्रंतता दिवस पर प्रदान किया जायेगा। 

सरकार ने कहा जनहानि को रोकने के लिए कश्मीर में पाबंदियां लगाई गईं

एक शीर्ष सरकारी अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि कश्मीर घाटी में पाबंदियां जन हानि से बचने के लिए लगायी गई थीं। उन्होंने कहा कि लोगों की आवाजाही और संचार सुविधाओं पर लगायी गई पाबंदियों में चरणबद्ध तरीके से ढील दी जा रही है। अधिकारी ने कहा कि इन पाबंदियों को स्थानीय अधिकारियों के आकलन के बाद ही हटाया जायेगा। उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर गिरफ्तार किए गए पूर्व मुख्यमंत्रियों उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती जैसे नेताओं को जमीनी स्थिति का आकलन करने के बाद ही जम्मू कश्मीर प्रशासन रिहा करेगा।

राहुल ने मोदी को लिखा पत्र, बाढ़ की पूर्व चेतावनी प्रणाली लगवाने को कहा

कांग्रेस नेता राहुल गांघी ने बाढ़ की तबाही झेल रहे अपने लोकसभा क्षेत्र वायनाड में लोगों के जीवन और जीवनयापन के साधनों के संरक्षण के लिए मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर उनसे हस्तक्षेप की मांग की। अपने पत्र में वायनाड सांसद ने पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील इस पर्वतीय जिले के बाढ़ संभावित क्षेत्र में रह रहे लोगों को आगाह करने के लिए पूर्व चेतावनी प्रणाली लगवाने का सुझाव दिया ताकि कई लोगों के जीवन को बचाया जा सके।

भारत के सपनों को पंख लगाते हुए चंद्रमा की ओर बढ़ रहा है ‘चंद्रयान-2’

चंद्रमा पर पहुंचने का भारत का सपना आहिस्ता-आहिस्ता साकार होते दिख रहा है। देश के दूसरे चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-2’ ने बुधवार को पृथ्वी की कक्षा छोड़ दी और यह चंद्रमा की ओर बढ़ रहा है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों ने इसे चंद्रपथ पर डालने के लिए एक महत्वपूर्ण अभियान प्रक्रिया को अंजाम दिया। अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया है कि उसने भारतीय समयानुसार बुधवार तड़के दो बजकर 21 मिनट पर अभियान प्रक्रिया ‘ट्रांस लूनर इंसर्शन’ को अंजाम दिया। इसके बाद चंद्रयान-2 सफलतापूर्वक ‘लूनर ट्रांसफर ट्राजेक्टरी’ में प्रवेश कर गया। चंद्रयान-2 के 20 अगस्त को चंद्रमा की कक्षा में पहुंचने और सात सितंबर को इसके चंद्र सतह पर उतरने की उम्मीद है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़