डोडा: राइफल छीनने की कोशिश के बाद चली गोली, एक युवक की मौत और तीन जवान घायल

Prabhasakshi Image

जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में सुरक्षाकर्मियों की राइफल छीनने के कथित प्रयास के बाद हुई गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई और तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इस घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया और मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सुरक्षाकर्मियों की सरकारी राइफल छीनने के कथित प्रयास के दौरान हुई गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई है। इस घटना में पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) के तीन जवान भी घायल हुए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को जानकारी दी कि यह घटना जाइ-गंडोह मार्ग पर भद्रवाह कस्बे से करीब 35 किलोमीटर दूर घटी है।

इस घटना के बाद भद्रवाह क्षेत्र में तनाव फैल गया और सैकड़ों लोगों ने सड़कों पर उतरकर भारी विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने घटना पर दुख जताते हुए इस पूरे मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है। बिगड़ती स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर चिनाब घाटी के कुछ हिस्सों में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं और सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, ऊंचाई वाले क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद एसओजी की एक टीम जाइ-गंडोह मार्ग पर घात लगाकर बैठी थी। रात करीब साढ़े 11 बजे टीम ने वहां से गुजर रहे एक युवक को रोका, जिस दौरान युवक ने कथित तौर पर सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर उनकी सरकारी राइफल छीनने का प्रयास किया। अधिकारी ने बताया कि इसी हाथापाई के दौरान एक जवान की बंदूक से गोली चल गई, जो युवक को लग गई।

फायरिंग में घायल युवक और तीनों पुलिसकर्मियों को तुरंत भद्रवाह के उप-जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए डोडा के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर किया गया। डोडा जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तनवीर अहमद ने बताया कि रात करीब तीन बजे घायलों को लाया गया था, जिनमें से 30 वर्षीय आरिफ हुसैन की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। घायल जवानों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

चिका गांव के निवासी मृतक आरिफ हुसैन की गर्भवती पत्नी और उनका चार साल का बच्चा भी इंसाफ की मांग को लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए। परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरिफ की हत्या की गई है। अधिकारियों ने स्थिति पर काबू पाने के लिए एक धार्मिक उपदेशक को भी हिरासत में लिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़