Amit Shah का निजी सचिव बनकर ठगी करने वाला ओडिशा में अरेस्ट

भुवनेश्वर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का निजी सचिव बताकर 13,500 रुपये ठगने के आरोपी जगन्नाथ मंडल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शाह के परिवार के लिए होटल के कमरे बुक कराने के बहाने एक व्यक्ति से यह रकम यूपीआई के जरिये ली थी। जांच में पता चला है कि आरोपी पर गुजरात और कर्नाटक में भी तीन मामले दर्ज हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का निजी सचिव बनकर भुवनेश्वर में एक व्यक्ति से 13,500 रुपये की ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान गंजाम जिले के गोलंथरा थाना क्षेत्र के पंचगांव निवासी जगन्नाथ मंडल के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मंडल ने 27 नवंबर को शिकायतकर्ता को फोन किया और खुद को केंद्रीय गृह मंत्री का निजी सचिव बताया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शिकायतकर्ता से कहा कि शाह के परिवार के भुवनेश्वर दौरे के लिए एक होटल में दो कमरे बुक कराने हैं और इसके लिए उसने शिकायतकर्ता से रुपये मांगे। पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोपी के बताए बैंक खाते में यूपीआई के जरिये 13,500 रुपये भेज दिए, लेकिन बाद में उसे ठगी का पता चला और उसने मैत्री विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के मुताबिक, शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता की पहचान उजागर नहीं की गई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मंडल को इससे पहले ब्रह्नपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का निजी सचिव बनकर कथित तौर पर ठगी करने के लिए गिरफ्तार किया गया था।
उस मामले में आरोपी ने एक भाजपा विधायक से यह कहकर 50 हजार रुपये मांगे थे कि इस रकम की जरूरत एक गोपनीय सर्वेक्षण और पार्टी के काम के लिए है। पुलिस ने बताया कि जांच में गुजरात और कर्नाटक में दर्ज तीन अन्य मामलों में भी आरोपी की संलिप्तता की बात सामने आई है।
अन्य न्यूज़













