मंगलुरु में महिला कर्मचारी के कथित यौन उत्पीड़न को लेकर एपीएमसी कार्यालय का घेराव, कार्रवाई की मांग

कर्नाटक के मंगलुरु में एपीएमसी के सचिव सीएच मोहन पर एक महिला सफाईकर्मी के कथित यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। इसके विरोध में करीब 25 महिलाओं के एक समूह ने कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर्नाटक राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य प्रतिभा कुलई ने किया।
मंगलुरु (कर्नाटक), 27 जुलाई कृषि उत्पाद विपणन समिति (एपीएमसी) के सचिव सीएच मोहन के खिलाफ ग्रुप डी की एक महिला कर्मचारी का यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए महिलाओं के एक समूह ने सोमवार को यहां बैकमपाडी में एपीएमसी कार्यालय का घेराव किया। कर्नाटक राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य प्रतिभा कुलई की अगुवाई में करीब 25 महिलाओं ने एपीएमसी कार्यालय में प्रवेश किया और इस कथित दुराचार को लेकर कार्रवाई की मांग की। कुलई ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एपीएमसी में कार्यरत महिला सफाईकर्मी से बार बार संपर्क कर उसे अपनी मांग मानने के लिए समझौता करने को कहा।
उन्होंने बताया कि मोहन ने उस महिला को अपनी मांग मानने का संकेत देने के लिए सोमवार को हरी साड़ी पहनने को कहा था और धमकी दी थी कि ऐसा नहीं करने पर वह अपनी नौकरी गंवा सकती है। कुलई के मुताबिक, अपने दो बच्चों का अकेले पालन पोषण कर रही महिला ने इस कथित उत्पीड़न के बाद इलाके की एक बुजुर्ग महिला से संपर्क किया और इसके बाद यह मामला स्थानीय महिलाओं के संज्ञान में आया जिन्होंने उस अधिकारी से निपटने के निर्णय किया। उन्होंने कहा, “वह महिला प्रति माह 15,000 रुपये कमाती है और अधिकारी उसकी कमजोर वित्तीय स्थिति का फायदा उठाने का प्रयास कर रहा है।
हमने उसे चेतावनी दी है कि यदि उस महिला को कुछ हुआ तो उसके लिए वह अधिकारी जिम्मेदार होगा।” इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देने के लिए मोहन उपलब्ध नहीं था। तत्काल यह भी पता नहीं चल सका कि क्या इन आरोपों के संबंध में पुलिस के पास कोई शिकायत की गई है या नहीं।
अन्य न्यूज़














