Akali Dal वारिस पंजाब दे के रजिस्ट्रेशन पर पंजाब सरकार ने नहीं दिया जवाब, Manpreet Ayali का आरोप

Akali Dal वारिस पंजाब दे के रजिस्ट्रेशन पर पंजाब सरकार ने नहीं दिया जवाब, Manpreet Ayali का आरोप
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

पंजाब विधानसभा के सत्र में विधायक मनप्रीत सिंह अयाली ने पार्टी पंजीकरण में देरी का मामला उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग द्वारा राज्य के गृह विभाग को भेजे गए दो पत्रों का अब तक कोई उत्तर नहीं दिया गया है। अयाली ने मांग की कि सरकार जल्द आयोग को अनुकूल रिपोर्ट भेजे।

अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के नेता मनप्रीत सिंह अयाली ने मंगलवार को राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसने निर्वाचन आयोग के एक पत्र का जवाब नहीं दिया, जिसमें पार्टी के पंजीकरण पर किसी तरह की आपत्ति होने के बारे में पूछा गया था। यहां पंजाब विधानसभा सत्र के अंतिम दिन अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के पंजीकरण का मुद्दा उठाते हुए अयाली ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने 14 जुलाई और 13 अक्टूबर को राज्य के निर्वाचन कार्यालय के माध्यम से पंजाब के गृह विभाग को दो पत्र भेजे थे। उन्होंने कहा कि इन पत्रों में पूछा गया था कि क्या उसे पार्टी के पंजीकरण पर कोई आपत्ति है।

उन्होंने दावा किया कि दो पत्र मिलने के बावजूद गृह विभाग ने अब तक कोई जवाब नहीं भेजा है। अयाली ने मांग की कि गृह विभाग निर्वाचन आयोग को जवाब भेजकर पार्टी के पक्ष में रिपोर्ट दे। उन्होंने कहा कि अकाली दल (वारिस पंजाब दे) का पंजाब में बड़ा आधार है और अधिक लोग इससे जुड़ रहे हैं।

अयाली ने इससे पहले भी निर्वाचन आयोग पर पार्टी के पंजीकरण में बेवजह देरी करने का आरोप लगाया था। अकाली दल (वारिस पंजाब दे) का नेतृत्व खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह करते हैं। वह 2023 में अजनाला पुलिस थाने पर हुए हमले के मामले में फिलहाल असम की जेल में बंद हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़