मराठा समूहों ने आरक्षण की मांग को लेकर बुधवार को महाराष्ट्र बंद का आह्वान किया

maratha-groups-call-for-maharashtra-bandh-on-demand-for-reservation
[email protected] । Aug 8 2018 8:19PM

मराठा समूहों के संघ सकल मराठा समाज ने आज कहा कि नवी मुंबई को छोड़कर पूरे महाराष्ट्र में गुरुवार को ‘बंद’ रखा जाएगा ताकि आरक्षण के लिए समुदाय की मांग पर दबाव बनाया जा सके।

मुम्बई। मराठा समूहों के संघ सकल मराठा समाज ने आज कहा कि नवी मुंबई को छोड़कर पूरे महाराष्ट्र में गुरुवार को ‘बंद’ रखा जाएगा ताकि आरक्षण के लिए समुदाय की मांग पर दबाव बनाया जा सके। संगठन के एक नेता ने कहा कि सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन होगा। सकल मराठा समाज के नेता अमोल जाधवराव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह राज्यव्यापी बंद होगा जिसमें नवी मुंबई शामिल नहीं होगा। बंद से सभी आवश्यक सेवाओं, स्कूलों और कॉलेजों को अलग रखा गया है।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ संवेदनशील मुद्दों के कारण हमने नवी मुंबई में बंद नहीं करने का निर्णय किया है।’’ महाराष्ट्र के कुछ हिस्से खासकर नवी मुंबई के कोपरखैरने और कलमबोली में पिछले महीने मराठा आरक्षण आंदोलन के दौरान हिंसा हुई थी। जाधवराव ने कहा, ‘‘सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन होगा। मैं मराठा युवकों से अपील करता हूं कि आत्महत्या नहीं करें। इससे समुदाय और इसके हितों को सहयोग नहीं मिलेगा।’’इससे पहले आरक्षण की मांग के समर्थन में समुदाय के कई लोगों ने आत्महत्या कर ली थी।

उन्होंने आश्वासन दिया, ‘‘हम मराठा युवकों से अपील करते हैं कि हिंसा से दूर रहें। हम उग्र प्रदर्शन नहीं करेंगे और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे।’’।जाधवराव ने आरोप लगाए कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस केवल कुछ मराठा लोगों से बात कर रहे हैं और समुदाय के अंदर भ्रम पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं।उन्होंने कहा, ‘‘फडणवीस आंदोलन की तीव्रता को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं।’’

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़