मप्र: पन्ना में प्रतिमा विसर्जन यात्रा में एक वाहन के घुसने से दो लोगों की मौत,चालक गिरफ्तार

arrest
प्रतिरूप फोटो
Creative Common

अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद घायलों को पन्ना जिला मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर स्थित पवई से कटनी जिला अस्पताल ले जाया गया, क्योंकि यह नजदीक है और यहां बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।

मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन यात्रा में एक वाहन (एसयूवी) के घुसने से दो लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना बृहस्पतिवार रात लगभग साढ़े आठ बजे पन्ना के पवई इलाके में हुई। हादसे के बाद एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

कटनी जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने कहा, ‘‘दुर्घटना में घायल हुए 14 लोगों को अस्पताल लाया गया। इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई।’’ उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान राकेश पटेल (36) और पुरुषोत्तम पटेल (38) के रूप में हुई है। घायलों में कई बच्चे भी शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने बताया कि एसयूवी चालक को गिरफ्तार कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद घायलों को पन्ना जिला मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर स्थित पवई से कटनी जिला अस्पताल ले जाया गया, क्योंकि यह नजदीक है और यहां बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़