NCP (SP) प्रमुख Sharad Pawar अस्पताल में भर्ती, Dehydration के चलते बिगड़ी तबीयत

एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार को डिहाइड्रेशन की शिकायत के बाद दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने बताया कि उन्हें आराम करने और यात्राएं कम करने की जरूरत है। हाल ही में 85 वर्षीय पवार को सीने में संक्रमण के चलते भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
NCP (SP) प्रमुख शरद पवार को गुरुवार को दक्षिण मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी बेटी और पार्टी सांसद सुप्रिया सुले ने बताया कि उनकी हालत डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) की वजह से लग रही है। उन्होंने कहा कि बाबा को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करा रही हूँ। ऐसा लगता है कि उन्हें डिहाइड्रेशन हो गया है। उन्हें थोड़ा आराम करने और कम यात्रा करने की ज़रूरत है। लेकिन बाबा किसी की सुनते ही नहीं हैं। उन्हें अपने काम से बहुत प्यार है। आपकी चिंता और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।
इसे भी पढ़ें: शरद पवार अगर 2019 में NDA में आते तो PM मोदी उन्हें राष्ट्रपति बना देते, रामदास अठावले का बड़ा दावा
NCP (SP) सूत्रों ने बताया कि सुले नरीमन पॉइंट स्थित पार्टी कार्यालय में थीं, जहाँ उन्होंने राज्य अध्यक्ष शशिकांत शिंदे द्वारा बुलाई गई एक बैठक में हिस्सा लिया, लेकिन अपने पिता के पास जाने के लिए वे बीच में ही वहाँ से निकल गईं। हाल ही में, 85 वर्षीय वरिष्ठ नेता छाती और सांस के संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती थे। इससे पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने मंगलवार को उन खबरों को खारिज कर दिया, जिनमें अगले महीने जन्मदिन पर पार्टी अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता शरद पवार के सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की अटकलें लगाई गई थीं।
इसे भी पढ़ें: सूखा राहत: NCP SP नागपुर में निकालेगी Tractor March, प्रति हेक्टेयर 1 लाख मुआवजे की मांग
मीडिया के एक वर्ग में आई उन खबरों के बाद राजनीतिक हलकों में अटकलें तेज हो गई थीं कि वरिष्ठ पवार 12 दिसंबर को राजनीति से संन्यास ले सकते हैं। इस खबर पर नाराजगी जताते हुए सुले ने कहा कि उनके पिता (शरद पवार) अभी भी राज्यसभा के सदस्य हैं और उनका पांच साल का कार्यकाल बाकी है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘कौन संन्यास लेगा, यह लोग तय करेंगे।’’ राजनीतिक चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि शरद पवार के संन्यास पर चर्चा करना उचित नहीं है। फडणवीस ने कहा कि पवार जीवन में कभी नहीं रुकेंगे और ‘‘कुछ न कुछ सकारात्मक काम करते रहेंगे।’’
अन्य न्यूज़














