निरूपम ने साधा मोदी पर निशाना, कहा- आपको भी वाराणसी जाना है

nirupam-targeted-the-innocent-modi-said-you-also-have-to-go-to-varanasi
[email protected] । Oct 8 2018 8:31PM

साबरकांठा जिले में 28 सितंबर को बिहार के एक प्रवासी मजदूर द्वारा कथित तौर पर 14 महीने की एक बच्ची से बलात्कार के बाद गुजरात में बड़ी संख्या में हिंदी भाषी लोग कुछ स्थानीय समूहों के निशाने पर आ गए थे।

मुंबई। हिंदी भाषी राज्यों के प्रवासी मजदूरों के कथित तौर पर उन पर हो रहे हमलों के बाद बड़ी संख्या में गुजरात से पलायन करने को लेकर काग्रेस नेता संजय निरूपम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है और कहा कि यह याद रखा जाना चाहिए कि उन्हें उत्तर प्रदेश के वाराणसी से चुनाव लड़ना है। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि वाराणसी के लोगों ने मोदी को स्वीकार किया और ‘‘उनके झूठ के बावजूद उन्हें प्रधानमंत्री बनाया।’’

प्रधानमंत्री बनने से पहले मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे और अब वाराणसी से लोकसभा सांसद हैं। साबरकांठा जिले में 28 सितंबर को बिहार के एक प्रवासी मजदूर द्वारा कथित तौर पर 14 महीने की एक बच्ची से बलात्कार के बाद गुजरात में बड़ी संख्या में हिंदी भाषी लोग कुछ स्थानीय समूहों के निशाने पर आ गए थे। हमलों के बाद बिहार और उत्तर प्रदेश समेत बड़ी संख्या में हिंदी भाषी राज्यों के लोग कथित तौर पर बीते एक हफ्ते में गुजरात छोड़कर गए हैं। 

निरूपम ने कहा, ‘‘मैं दुष्कर्म की घटना की निंदा करता हूं। लेकिन एक व्यक्ति के अपराध के कारण आप पूरे समुदाय को बदनाम नहीं कर सकते। आप समूचे समुदाय को एक खास नजरिये से नहीं देख सकते।’’ हिंदी भाषी लोगों के एक कार्यक्रम में रविवार को निरूपम ने कहा कि समूचा उत्तर भारतीय समुदाय निशाने पर है और वे पलायन को मजबूर हैं। निरूपम ने कहा, ‘‘यह (गुजरात) प्रधानमंत्री का गृहराज्य है...यह याद रखा जाना चाहिए कि प्रधानमंत्री को वाराणसी से चुनाव (फिर से) लड़ना है।’’

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़