Aaditya Thackeray के देश छोड़ने की आशंका, Nitesh Rane ने पासपोर्ट जब्ती की मांग की

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने दावा किया है कि दिशा सालियान मामले में आरोपों का सामना कर रहे विधायक आदित्य ठाकरे विदेश जाने की तैयारी में हो सकते हैं। उन्होंने जांच एजेंसियों से कानूनी आधार होने पर ठाकरे का पासपोर्ट जब्त करने और लुकआउट नोटिस जारी करने की मांग की। इधर आदित्य ठाकरे ने इन आरोपों को छवि खराब करने की राजनीतिक साजिश करार दिया है।

मुंबई, पांच अक्टूबर महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने सोमवार को दावा किया कि दिशा सालियान की मौत के मामले को लेकर लगे आरोपों के बीच संभावना है कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के विधायक आदित्य ठाकरे देश छोड़कर जा चुके हों या हो विदेश जाने की तैयारी कर रहे हों। भाजपा नेता राणे ने यह भी दावा किया कि विधायक आदित्य ठाकरे ने रविवार को मुंबई में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे के नेतृत्व में निकाले गए विरोध मार्च में गिरफ्तारी के डर से हिस्सा नहीं लिया। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व प्रबंधक सालियान की आठ जून, 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक आवासीय इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी।

इसके एक सप्ताह बाद राजपूत बांद्रा स्थित अपने फ्लैट में मृत पाए गए थे, जिसके बाद दोनों मौतों के बीच संभावित संबंध को लेकर अटकलें लगाई गई थीं। शहर की पुलिस ने आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज की थी और बाद में जांच के बाद दावा किया था कि सालियान ने आत्महत्या की थी। सालियान के पिता ने उनकी मौत के सिलसिले में आदित्य ठाकरे के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।

मुंबई उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने हाल में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की है, जिसमें स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि किसी को आरोपी के रूप में नामजद नहीं किया जाए। आदित्य ठाकरे ने अपने बचाव में दावा किया है कि कुछ लोग राजनीतिक कारणों से उनकी छवि खराब करने के लिए जानबूझकर उनका नाम इस मामले से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। राणे ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘कल आदित्य ठाकरे मंच पर मौजूद नहीं थे।

उनकी गैरमौजूदगी की वजह बीमारी बताई गई। लेकिन इससे यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि वह विदेश चले गए हैं या जाने की तैयारी कर रहे हैं। यह भी हो सकता है कि वह विदेश गए हों; उनके आवास पर जाकर उनकी मौजूदगी की जांच की जानी चाहिए।’’ राणे ने दावा किया कि सालियान की मौत के मामले से संबंधित प्राथमिकी और बयानों में आदित्य ठाकरे का नाम बार-बार सामने आया है और मांग की कि जांच एजेंसियां उनसे पूछताछ कर तथ्यों का पता लगाएं।

उन्होंने यह भी मांग की कि यदि जांच एजेंसियों के पास यह संदेह करने के कानूनी आधार हैं कि ठाकरे देश छोड़ सकते हैं, तो उनका पासपोर्ट जब्त किया जाए और एक लुकआउट नोटिस जारी किया जाए। राणे ने कहा, ‘‘यदि किसी जांच एजेंसी के पास यह संदेह करने का कानूनी आधार है कि कोई व्यक्ति विदेश जा सकता है, तो कानून के तहत उपलब्ध प्रक्रियाओं का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। लुकआउट नोटिस, पासपोर्ट जब्त करना या कोई अन्य कार्रवाई केवल आरोपों के आधार पर नहीं, बल्कि ठोस सबूत और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर होनी चाहिए।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि आदित्य ठाकरे रविवार को उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे द्वारा आयोजित ‘गर्जना मोर्चा’ में गिरफ्तारी के डर से सार्वजनिक मंच से दूर रहे, जबकि उनकी गैरमौजूदगी की वजह बुखार बताई गई थी।

राणे ने यह भी आरोप लगाया कि शिवसेना (उबाठा) विधायक का हत्या, सामूहिक दुष्कर्म और धोखाधड़ी समेत गंभीर अपराधों से संबंध है और दावा किया कि सालियान मामले की प्राथमिकी तथा विभिन्न बयानों में उनका नाम 13 बार आया है। हालांकि, इन आरोपों की अदालत में पुष्टि नहीं हुई है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि एक निकाय ठेके से जुड़े मामले में जांच का सामना कर रहे अभिनेता डिनो मोरिया महज एक ‘‘मुखौटा’’ थे और आदित्य ठाकरे उनके ‘‘गॉडफादर’’ थे।

राणे ने कहा कि उनकी मांग केवल निष्पक्ष जांच की है और इस बात पर जोर दिया कि व्यक्ति के पद या हैसियत की परवाह किए बिना कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। इस बीच, आदित्य ठाकरे ने सोमवार को सोशल मीडिया पर कहा कि वह मंगलवार को पुणे में महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ शामिल होंगे। उन्होंने सवाल किया कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर हजारों छात्रों द्वारा एमपीएससी अध्यक्ष के इस्तीफे की मांग किए जाने के बावजूद वह पद पर क्यों बने हुए हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़