Speaker Om Birla के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव, Kiren Rijiju ने संभाला मोर्चा, बोले- मिलेगा करारा जवाब

Kiren Rijiju
ANI
अंकित सिंह । Mar 9 2026 12:58PM

विपक्ष द्वारा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ पक्षपात के आरोपों को लेकर लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर आज चर्चा शुरू होगी, जिसका नेतृत्व केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू करेंगे। सरकार ने इस कदम को एक व्यक्ति की हठधर्मिता से प्रेरित बताते हुए प्रस्ताव के विफल होने का दावा किया है।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा शुरू करेंगे। विपक्ष ने ओम बिरला पर पक्षपातपूर्ण व्यवहार का आरोप लगाया है। 118 विपक्षी सांसदों ने प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसमें सदन में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को कथित तौर पर बोलने नहीं दिए जाने के बाद अध्यक्ष के पक्षपातपूर्ण व्यवहार का आरोप लगाया गया है। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर, निशिकांत दुबे, रवि शंकर प्रसाद और भर्तृहरि महताब इस विषय पर अपनी बात रखेंगे। सूत्रों के अनुसार, लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के चिराग पासवान भी सत्र को संबोधित करेंगे।

इसे भी पढ़ें: Rajya Sabha में विपक्ष पर भड़के JP Nadda, बोले- 'बहस नहीं, सिर्फ अराजकता फैलाने में रुचि'

इससे पहले दिन में, किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए चेतावनी दी कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर उन्हें पछतावा होगा। पत्रकारों को संबोधित करते हुए रिजिजू ने स्पीकर का बचाव करते हुए कहा कि यह प्रस्ताव बिना किसी कारण के और केवल एक व्यक्ति की हठधर्मिता को संतुष्ट करने के लिए लाया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सदन में इसका करारा जवाब देने के लिए तैयार है और प्रस्ताव की हार की भविष्यवाणी की।

उन्होंने कहा कि संसद के बजट सत्र का दूसरा भाग आज से शुरू होने वाला है। दुख की बात है कि इसकी शुरुआत लोकसभा स्पीकर के खिलाफ विपक्ष, विशेष रूप से कांग्रेस पार्टी द्वारा उन्हें हटाने के लिए लाए गए प्रस्ताव से हो रही है। हम इसका जवाब देंगे, लेकिन कांग्रेस को यह सोचना चाहिए कि संवैधानिक पदों और संवैधानिक गरिमा को कमजोर करने के लिए वे कितनी हद तक जा सकते हैं। वे अदालत की टिप्पणियों की आलोचना करते हैं। वे चुनाव आयोग की अवहेलना करते हैं।

इसे भी पढ़ें: Parliament Budget Session 2026 : भारत संवाद और कूटनीति का आग्रह करता है, ईरान युद्ध पर राज्यसभा में बोले विदेश मंत्री जयशंकर

उन्होंने आगे कांग्रेस पर लोकतंत्र की अवहेलना करने और केवल एक परिवार में विश्वास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इसका पछतावा होगा। लोकसभा स्पीकर के खिलाफ बिना किसी कारण और बिना सोचे-समझे, एक व्यक्ति की हठधर्मिता को संतुष्ट करने के लिए लाया गया यह प्रस्ताव हार जाएगा। इस बीच, शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने उम्मीद जताई कि इस प्रस्ताव के माध्यम से विपक्ष की चिंताएं अध्यक्ष तक पहुंच जाएंगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़