नोएडा में लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

Prabhasakshi Image

नोएडा पुलिस ने सेक्टर-2 में छापेमारी कर लोन दिलाने के बहाने लोगों से ठगी करने वाले एक अवैध कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने मोबाइल फोन, लैपटॉप, चेक बुक और कॉलिंग डेटा शीट बरामद की है।

नोएडा के थाना फेस-1 पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लोन दिलाने के नाम पर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वाले एक अवैध कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को इस पूरी कार्रवाई की जानकारी साझा की।

अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस को सेक्टर-2 के डी-ब्लॉक स्थित एक कंपनी में अवैध कॉल सेंटर संचालित होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि यहां से फोन के माध्यम से लोगों को आसान लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी की जा रही है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस की टीम ने वहां छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से पवन कुमार, मोहित, हर्ष शर्मा, स्वाती और प्रीति को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही मौके से पांच मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, छह चेक बुक, 160 कॉलिंग डाटा शीट, बिलिंग बुक और इंटरनेट राउटर सहित ठगी में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सीधे-साधे लोगों को फोन कर उन्हें आसान शर्तों पर लोन दिलाने का लालच देते थे। इसके बाद फाइल चार्ज या अन्य विभिन्न शुल्कों के नाम पर उनसे लाखों रुपये ऐंठ लेते थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़