Northern Railways ने मुरादाबाद मंडल के 712 किमी ट्रैक पर Kavach System लगाने के लिए 170 करोड़ रुपये मंजूर किए

रेल मंत्रालय ने मुरादाबाद मंडल में ट्रेन सुरक्षा मजबूत करने के लिए स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली लगाने की स्वीकृति दी है। इसके तहत चिन्हित रेल खंडों पर 'कवच 4.0' तकनीक स्थापित की जाएगी। यह प्रणाली लाल सिग्नल पार होने की स्थिति में स्वत: ब्रेक लगाकर रेल हादसों को रोकने में सक्षम है।
उत्तर रेलवे ने मुरादाबाद मंडल के 712 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 170 करोड़ रुपये की लागत से स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ लगाने को मंजूरी दी है। रेलवे ने कहा कि इस प्रणाली के लागू होने से ट्रेन संचालन में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो जाएगी। रेल मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘इस स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली (एटीपी) की तैनाती से मंडल का रेल सुरक्षा ढांचा मजबूत होगा।
चिन्हित रेल खंडों पर ‘कवच 4.0’ लागू होने से ट्रेन संचालन के लिए सुरक्षा की एक उन्नत व्यवस्था उपलब्ध होगी।’’ ‘कवच’ स्वदेश में विकसित स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली है जिसे रेल परिचालन की सुरक्षा बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। यह प्रणाली ट्रेन के लाल सिग्नल पार करने की स्थिति में जरूरत पड़ने पर स्वत: ब्रेक लगाकर दुर्घटना की आशंका को रोकने में मदद करती है। गंभीर परिस्थितियों में यह ट्रेन की गति को भी नियंत्रित कर सकती है और टक्कर के खतरे को काफी कम कर सकती है।
इसे भी पढ़ें: समुद्र में सुरक्षा कवच हुआ मजबूत, 'INS निपुण' कैसे भारत की रक्षा करेगा?
उत्तर रेलवे ने कहा, ‘‘यह पहल देशभर के रेल नेटवर्क पर ‘कवच’ का दायरा बढ़ाने तथा रेल सिग्नल प्रणाली और ट्रेन सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के भारतीय रेलवे के लगातार प्रयासों का हिस्सा है।
अन्य न्यूज़













