Delhi में कार के शोरूम में हुई गोलीबारी के मामले में कोलकाता से एक व्यक्ति गिरफ्तार

arrested
pixabay

पुलिस ने इससे पहले केतन नाम के एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया था। बताया जाता है कि वह रिधाऊ और एक अन्य शूटर को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर शोरूम ले कर गया था।

पश्चिमी दिल्ली में एक सेकंड-हैंड लग्जरी कार शोरूम में हुई गोलीबारी के मामले में संलिप्तता के आरोप में एक व्यक्ति को कोलकाता से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि मोहित रिधाऊ (28) को पश्चिम बंगाल और दिल्ली पुलिस के संयुक्त अभियान में पकड़ा गया। उसे दिल्ली लाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि हरियाणा के सोनीपत का मूल निवासी रिधाऊ दिल्ली और राज्य में लगभग एक दर्जन आपराधिक मामलों में आरोपी है।

पुलिस ने इससे पहले केतन नाम के एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया था। बताया जाता है कि वह रिधाऊ और एक अन्य शूटर को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर शोरूम ले कर गया था। दिल्ली के तिलक नगर में स्थित एक फ्यूजन कार शोरूम पर छह मई को दोशूटरों ने गोलीबारी की थी। दरवाजे और खिड़कियों पर गोली लगने से टूटे कांच के टुकड़ों से सात लोग घायल हो गए थे। शूटरों ने घटनास्थल पर हाथ से लिखा एक नोट भी छोड़ा था, जिसमें तीन गैंगस्टर हिमांशु भाऊ, नीरज फरीदकोट और नवीन बाली के नाम शामिल थे। पुलिस ने बताया कि शोरूम के मालिक को एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आया और उससे पांच करोड़ रुपये की मांग की गई थी। उन्होंने बताया कि अन्य शूटर को पकड़ने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़