पाकिस्तान ने 59 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया

पाकिस्तान में 59 भारतीय मछुआरों को कथित रूप से देश की समुद्री सीमा के उल्लंघन के मामले में गिरफ्तार किया गया है और उनकी 10 नौकाओं को जब्त कर लिया गया है।

कराची। पाकिस्तान में 59 भारतीय मछुआरों को कथित रूप से देश की समुद्री सीमा के उल्लंघन के मामले में गिरफ्तार किया गया है और उनकी 10 नौकाओं को जब्त कर लिया गया है। सिंध और गुजरात की सीमा पर विवादित क्षेत्र ‘सर क्रीक’ में मछली पकड़ने के दौरान पाकिस्तान की समुद्री सुरक्षा एजेंसी (एमएसए) ने इन मछुआरों को गिरफ्तार किया। एमएसए ने कराची में इन लोगों को हिरासत में लिया और कानूनी कार्रवाई के लिए इन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।

‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ ने एक पुलिस अधिकारी के हवाले से लिखा कि मछुआरों को हिरासत में लिया गया है और उनके खिलाफ विदेश अधिनियम की धारा-3 और 4 तथा मत्स्य अधिनियम की धारा 3 एवं 9 के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। अरब सागर सीमा की स्पष्ट व्याख्या नहीं होने के कारण भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के मछुआरों को अक्सर अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया जाता रहा है। कई नौकाओं में तो सटीक स्थान बताने वाली तकनीक भी नहीं होती है। पिछले महीने ही सद्भावना के तहत पाकिस्तान ने दो जत्थों में 86 भारतीय मछुआरों को रिहा किया था। पाकिस्तान की मालिर जेल में 377 भारतीय कैदी और हैं जिनमें से 116 ने अपनी सजा पूरी कर ली है जबकि 261 विचाराधीन कैदी हैं।

Disclaimer:प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


Tags

    अन्य न्यूज़