Parliament Budget Session 2026 Live Updates । ओम बिरला के खिलाफ नोटिस में तकनीकी कमी के बाद विपक्ष का सदन से Walkout

Parliament Budget Session 2026 Live Updates
X
एकता । Feb 11 2026 12:00PM

लोकसभा में सांसदों के निलंबन को लेकर विपक्ष ने वॉकआउट किया, जबकि स्पीकर ओम बिरला को हटाने के नोटिस में तकनीकी खामियां पाई गईं। इस सियासी गहमागहमी के बीच, बीजेडी ने 16 महीने से लंबित 15वीं प्रेस परिषद के तत्काल गठन की मांग कर मीडिया की जवाबदेही और स्वतंत्रता का मुद्दा उठाया।

लोकसभा सचिवालय के सूत्रों के अनुसार, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को हटाने के लिए विपक्ष द्वारा दिए गए नोटिस में कुछ तकनीकी कमियां पाई गई हैं। अध्यक्ष ने सचिवालय को निर्देश दिया है कि इन कमियों को सुधार कर आगे की कार्यवाही की जाए। इस बीच, सदन में बुधवार को काफी गहमागहमी रही। विपक्ष ने अपने आठ सांसदों का निलंबन वापस लेने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और फिर सदन से वॉकआउट कर दिया।

वहीं, बीजू जनता दल के सांसद सस्मित पात्रा ने 'विशेष उल्लेख' के जरिए मीडिया की जवाबदेही और लोकतांत्रिक मूल्यों का मुद्दा उठाया। उन्होंने चिंता जताई कि 14वीं प्रेस परिषद का कार्यकाल अक्टूबर 2024 में ही समाप्त हो चुका है, लेकिन 16 महीने बीत जाने के बाद भी 15वीं प्रेस परिषद का गठन नहीं हुआ है। पात्रा ने सरकार से आग्रह किया कि अध्यक्ष की नियुक्ति कर जल्द से जल्द परिषद का गठन किया जाए ताकि प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारिता के मानकों की रक्षा हो सके।

All the updates here:

Feb 11, 2026

18:36

वोटरों को राइट टू रिकॉल क्यों नहीं दिया जाना चाहिए

Feb 11, 2026

18:35

निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में बजट पर दिया जवाब

Feb 11, 2026

18:07

मुसलमान ताकतवार होंगे तभी विकसित भारत बनेगा: ओवैसी

एआईएमआईएम के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को सरकार पर ‘मुसलमानों से नफरत’ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विकसित भारत तभी बन पाएगा जब मुस्लिम समुदाय शैक्षणिक और अन्य रूपों से ताकतवर होगा। ओवैसी ने लोकसभा में बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए दावा किया कि देश में पिछले कुछ साल में प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षण संस्थानों में मुस्लिम बच्चों के पंजीकरण की संख्या में गिरावट आई है और मुसलमान बच्चों के पढ़ाई छोड़ने की दर भी अधिक है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने पांच साल से अल्पसंख्यकों के लिए तीन छात्रवृत्ति योजनाओं को मंजूरी नहीं दी है। एआईएमआईएम सांसद ने कहा, ‘‘ऐसा इसलिए हो रही है क्योंकि मोदी सरकार मुसलमानों से नफरत करती है।’’ उन्होंने कहा कि यह सरकार 2047 तक विकसित भारत बनाने की बात करती है और बजट में भी इसका उल्लेख है, लेकिन विकसित भारत तब बनेगा जब मुसलमान भी शैक्षणिक रूप से ताकतवर होंगे। 

Feb 11, 2026

18:07

राहुल गांधी के झूठे बयान: रीजीजू

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बुधवार को आरोप लगाया कि राहुल गांधी का भाषण ‘‘झूठ से भरा’’ था और सत्तारूढ़ गठबंधन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष द्वारा किये गए ‘‘झूठे’’ दावों को सदन की कार्यवाही से हटाये जाने का अनुरोध करेगा। केंद्रीय बजट पर चर्चा के दौरान राहुल के भाषण के तुरंत बाद, रीजीजू ने कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन के सदस्य आसन को एक नोटिस देंगे, जिसमें नेता प्रतिपक्ष द्वारा बोले गए किसी भी कथन के प्रमाणीकरण की मांग की जाएगी। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘राहुल गांधी ने जो भी झूठ बोला है, हम उसे रिकॉर्ड से हटाये जाने की मांग करेंगे।’’ हालांकि, राहुल गांधी ने अपने बयानों को प्रमाणित करने का वादा किया है, लेकिन मंत्री ने कहा, ‘‘मुझे पता है कि वह उन्हें प्रमाणित नहीं कर सकते क्योंकि उन्होंने झूठ बोला है। उन्होंने सदन में झूठ बोला है।’’ रीजीजू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता अक्सर जानबूझकर झूठ बोलते हैं और फिर संबंधित मंत्री का जवाब सुनने के बजाय सदन छोड़कर चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश के पास लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पद के योग्य गंभीर स्वभाव वाला कोई व्यक्ति नहीं है। 

Feb 11, 2026

18:07

तमिलनाडु का आग्रह को खारिज

केंद्र सरकार ने तमिलनाडु के धान के लिए नमी मानक में ढील देने के अनुरोध को खारिज करते हुए कहा है कि अधिक नमी वाले धान की खरीद से भंडारण में बड़ा जोखिम पैदा होता है। खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री निमुबेन जयंतीभाई बंभानिया ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि इस दक्षिणी राज्य ने धान के लिए नमी की सीमा 17 प्रतिशत से बढ़ाकर 22 प्रतिशत करने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा कि अत्यधिक नमी वाले धान की खरीद से संचालन से जुड़े बड़े जोखिम पैदा होते हैं। 

Feb 11, 2026

18:07

कोई माई का लाल पैदा नहीं हुआ जो भारत को बेच या खरीद सके: रीजीजू

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बुधवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि कोई माई का लाल पैदा नहीं हुआ जो भारत को बेच या खरीद सके। नेता प्रतिपक्ष ने सदन में बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर बुधवार को आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने पूरी तरह समर्पण कर दिया है और ‘‘उसे शर्म आनी चाहिए कि उसने भारत माता को बेच दिया है।’’

Feb 11, 2026

15:52

भारत 6जी में दुनिया का नेतृत्व करेगा

सरकार ने बुधवार को कहा कि वाई-फाई कनेक्टिविटी की 4जी तकनीक में भारत विश्व के पीछे था, 5जी में विश्व के साथ चला है और 6जी में दुनिया का नेतृत्व करेगा, यही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है। संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान यह भी कहा कि अभी देश में 5जी कनेक्टिविटी के उपभोक्ताओं की संख्या 40 करोड़ है और 2030 तक यह आंकड़ा 100 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की मिताली बाग के पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा, ‘‘ वाई-फाई कनेक्टिविटी की 4जी तकनीक में भारत विश्व के पीछे था, 5जी में विश्व के साथ चला है और 6जी में दुनिया का नेतृत्व करेगा, यही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है।’’ उन्होंने कहा कि भारत में 5जी तकनीक का क्रियान्वयन पूरी दुनिया में सबसे तेजी से हुआ है और 22 महीने में देशभर में इसे लागू कर दिया गया।

Feb 11, 2026

15:52

नीति बनाते समय रोजगार को केंद्र में रखना होगा : देवेगौड़ा

राज्यसभा में बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा ने सरकार को सुझाव दिया कि अकेले विकास से काम नहीं चलेगा और नीति बनाते समय रोजगार को केंद्र में रखा जाना चाहिए। उच्च सदन में आम बजट 2026-27 पर चर्चा में भाग लेते हुए जनता दल(एस) प्रमुख देवेगौड़ा ने कहा कि उन्होंने भारत की विकास यात्रा के विभिन्न चेहरे देखे हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट एक ऐसे महत्वपूर्ण समय में आया है, जब भारत एक मध्यम आय वाले राष्ट्र से उच्च मध्यम आय वाला देश बनने के कगार पर है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे उपाय यह तय करेंगे कि विकास सीमित रहेगा अथवा यह वास्तव में सबका साथ सबका विकास बन पाएगा।’’ उन्होंने बजट के सकारात्मक पक्षों की चर्चा करते हुए कहा कि इसमें विनिर्माण क्षेत्र, मध्यम एवं लघु उद्योग क्षेत्र (एमएसएमई), आधारभूत क्षेत्र, निर्यात प्रतिस्पर्धा पर जोर दिया गया है, जो आवश्यक भी है और समय की मांग भी है।

Feb 11, 2026

15:52

बजट में विकसित भारत के लक्ष्य की झलक

राज्यसभा में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न सदस्यों ने कहा कि आम बजट 2026-27 महिलाओं, किसानों, गरीबों, युवाओं, मध्यम वर्ग एवं उद्यमियों को सशक्त करने वाला बजट है तथा इसमें विकसित भारत के लक्ष्य की झलक दिखाई देती है। उच्च सदन में बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए भाजपा की कविता पाटीदार नेकहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार नौ बार बजट बनाकर एक कीर्तिमान बनाया है जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह पहला बजट है जो कर्तव्य भवन में बनाया गया। उन्होंने कहा कि आज जहां दुनिया के कई देश कर्ज में डूबे हुए हैं वहीं भारत सात प्रतिशत से अधिक की विकास दर के साथ मजबूत आर्थिक स्थिति में खड़ा है। उन्होंने कहा कि बजट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य की झलक दिखाई दे रही है। 

Feb 11, 2026

15:52

जगदंबिका पाल का राहुल पर तंज

लोकसभा में बजट पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पीठासीन सभापति के बीच उस वक्त हल्की नोकझोंक देखने को मिली, जब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने जगदंबिका पाल के अतीत में उनकी पार्टी का सदस्य रहने का उल्लेख किया। पाल ने नेता प्रतिपक्ष से कहा कि आप विपक्ष में बैठे हैं क्योंकि उनकी सलाह नहीं मानी, लेकिन अभी समय है और उन्हें सही रास्ता पकड़ना चाहिए। राहुल गांधी ने बजट पर अपनी बात रखते हुए पाल के राजनीतिक अतीत का संक्षिप्त का उल्लेख किया और कहा, ‘‘मुझे पता है कि आपका दिल उधर (भाजपा की तरफ) नहीं है। इस पर पाल ने कहा, ‘‘अगर आप मेरी बात मानते तो आज वहां नहीं बैठे होते। आज आप वहां बैठे हैं तो सिर्फ इसलिए कि आपने मेरी सलाह नहीं ली। आपको सलाह दे रहा हूं कि आप कोसही रास्ता पकड़ना चाहिए, आपके पास अभी भी समय है।

Feb 11, 2026

15:25

कांग्रेस सदस्य ने सरकार पर लगाया किसान विरोधी होने का आरोप

राज्यसभा में बुधवार को कांग्रेस के अशोक सिंह ने केंद्र सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि सोयाबीन के उत्पादन के लिए विख्यात मध्यप्रदेश में ग्वालियर, चंबल, मालवा के किसान अपनी लागत नहीं निकाल पा रहे हैं, वहीं सरकार समझौते के तहत अमेरिका से सोयाबीन तेल और अनाज के आयात के लिए दरवाजे खोल रही है। सिंह ने इसे सोयाबीन किसानों के लिए दोहरी मार बताते हुए शून्यकाल के दौरान कहा कि सोयाबीन किसानों ने अपने पसीने से मध्यप्रदेश को संपन्न बनाया लेकिन आज यह ‘पीला सोना’ ही उनके लिए मुश्किल बन गया है। उन्होंने कहा कि एक ओर ग्वालियर, चंबल, मालवा के किसान सोयाबीन उपज की लागत नहीं निकाल पा रहे हैं वहीं दूसरी तरफ केंद्र सरकार नए समझौते के तहत अमेरिका से सोयाबीन तेल और अनाज के आयात के लिए दरवाजे खोल रही है। सिंह ने कहा कि सरकार ने 2025-26 के लिए सोयाबीन का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 5300 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया था लेकिन हकीकत यह है कि इंदौर, देवास, श्योहर के किसान 3000 रुपये प्रति क्विंटल पर अपनी उपज बेचने के लिए मजबूर हैं।

Feb 11, 2026

15:25

नदियों में सुरंग बनाने की राज्यसभा में उठी मांग

जम्मू कश्मीर में बहने वाली चंद्रा और भागा नदियों में सुरंग बनाने की मांग करते हुए बुधवार को राज्यसभा में भारतीय जनता पार्टी के घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि यह सुरंग बनने से सतलुज नदी में इन दोनों नदियों का पानी आएगा तथा पंजाब, हरियाणा और राजस्थान को बहुत राहत मिलेगी। उच्च सदन में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए तिवाड़ी ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सबसे बड़ा प्रहार पाकिस्तान पर सिंधु जल संधि को निलंबित कर किया। उन्होंने कहा कि 1960 में कराची में इस संधि पर पंडित जवाहर लाल नेहरू और अयूब खान के बीच हस्ताक्षर हुए थे जिसके अनुसार पश्चिमी नदियां चेनाब, झेलम और सिंधु का 80 फीसदी पानी पाकिस्तान को दिया गया। 

Feb 11, 2026

15:25

औद्योगिक संहिता संशोधन विधेयक लोकसभा में पेश

जिन कानूनों की जगह औद्योगिक संबंध संहिता 2020 ने ली हैं, उनके जारी रहने को लेकर भविष्य में किसी भी ‘बेवजह की मुश्किल’ से बचने के उद्देश्य से लोकसभा में बुधवार को एक संशोधन विधेयक पेश किया गया। केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने सदन में प्रश्नकाल के बाद ‘औद्योगिक संबंध संहिता (संशोधन) विधेयक, 2026’ पेश किया। प्रस्तावित कानून के उद्देश्यों और कारणों संबंधी कथन के अनुसार, औद्योगिक सबंध संहिता, 2020 जिन कानूनों की जगह लेगा, उनमें ट्रेड यूनियन्स अधिनियम, 1926, औद्योगिक रोजगार (स्थायी आदेश) अधिनियम, 1946 और औद्योगिक विवाद अधिनियम, 1947 की जगह लेगा, जो श्रमिक संघों, औद्योगिक रोगार और औद्योगिक विवादों से जुड़े हैं। इसमें धारा 104 के तहत बचत के प्रावधान हैं।

Feb 11, 2026

14:40

WB सरकार को जनता के प्रति इतना विद्वेष क्यों है: वैष्णव

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को पश्चिम बंगाल में रेल परियोजनाओं को लेकर तृणमूल कांग्रेस के एक सांसद की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि ‘‘बंगाल सरकार को राज्य की जनता के प्रति इतना विद्वेष क्यों है?’’ लोकसभा में प्रश्नकाल में तृणमूल कांग्रेस सदस्य कीर्ति आजाद ने पश्चिम बंगाल में अमृत भारत स्टेशनों के कार्यों को लेकर सरकार से सवाल किया कि ‘‘पश्चिम बंगालके विरुद्ध विषमता, विद्वेष और पक्षपातपूर्ण रवैया क्यों है?’’ रेल मंत्री वैष्णव ने अपने उत्तर में कहा, ‘‘सांसद के आक्षेप के पीछे कोई तथ्य नहीं है। पश्चिम बंगाल के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रिकॉर्ड बजट का आवंटन किया है। 2009 से 2014 के बीच संप्रग सरकार के दौरान जहां राज्य का बजट 4,300 करोड़ रुपये का होता था, आज 14,205 करोड़ रुपये का बजट दिया गया है।’’

Feb 11, 2026

14:40

संसद में संयुक्त समिति गठित

उच्च शिक्षा के लिए एकल नियामक बनाने का प्रस्ताव करने वाले ‘विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक’ (वीबीएसए) पर गौर करने के लिए संसद में 31 सदस्यीय संयुक्त समिति का गठन किया गया है, जिसका नेतृत्व बीजेपी सांसद डी. पुरंदेश्वरी करेंगी। लोकसभा सचिवालय द्वारा मंगलवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, इस समिति में दोनों सदनों के सदस्य शामिल हैं और यह प्रस्तावित कानून के प्रावधानों की समीक्षा करने के बाद अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। संसद में वीबीएसए विधेयक को शीतकालीन सत्र के दौरान पेश किया गया था। यह विधेयक राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुरूप उच्च शिक्षा नियामक ढांचे में व्यापक बदलाव करने का उद्देश्य रखता है। प्रस्तावित कानून का लक्ष्य विभिन्न मौजूदा नियामकों को एक ही व्यापक संस्था से बदलना और मान्यता, वित्त पोषण और मानक निर्धारण की जिम्मेदारियों को अलग करना है। 

Feb 11, 2026

14:27

नरेंद्र मोदी की आंख में डर दिखता है

Feb 11, 2026

14:18

आपने भारत बेच दिया है: राहुल गांधी

Feb 11, 2026

14:17

'रक्षा बजट के केंद्र में अडानी का लगाया गया चोक है...'

Feb 11, 2026

14:16

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का सवाल

Feb 11, 2026

13:22

लोकसभा में राहुल गांधी ने सरकार को घेरा

Feb 11, 2026

12:51

गतिरोध के बाद लोकसभा में बुधवार को चला प्रश्नकाल

लोकसभा में कई दिन के गतिरोध के बाद बुधवार को प्रश्नकाल पूरी तरह चला। हालांकि, आठ सदस्यों के निलंबन की वापसी की मांग को लेकर विपक्ष के सदस्यों ने सदन से वॉकआउट किया। सदन की बैठक शुरू हुई तो पीठासीन सभापति पी सी मोहन ने प्रश्नकाल शुरू कराया। इस दौरान विपक्ष के सांसद अपने साथी आठ सदस्यों का निलंबन समाप्त करने की मांग करने लगे और नारे लगाने लगे जिन्हें पिछले सप्ताह आसन की अवमानना के मामले में निलंबित किया गया था। मोहन ने विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच ही प्रश्नकाल शुरू कराया। आधे घंटे तक विपक्ष के सांसदों के ‘निलंबन वापस लो’ के नारों के बीच कार्यवाही चली, जिसके बाद विपक्ष ने सदन से वॉकआउट किया। सामान्य तौर पर सदन की बैठक शुरू होने पर आसन पर अध्यक्ष होते हैं और वही प्रश्नकाल की कार्यवाही संचालित करते हैं।

Feb 11, 2026

12:20

नरवणे की किताब को लेकर लोकसभा में हंगामा

राहुल गांधी ने पिछले हफ्ते लोकसभा में भाषण के दौरान पूर्व सेना प्रमुख जनरल नरवणे की यादों पर आधारित किताब 'फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी' के कुछ हिस्सों का ज़िक्र किया, जिससे सदन में विवाद छिड़ गया। अपनी बात को सही साबित करने के लिए उन्होंने जनरल नरवणे के 2023 के एक सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला दिया, जिसमें कहा गया था कि यह किताब अब खरीदी जा सकती है। हालांकि, स्पीकर ओम बिरला ने इस पर रोक लगाते हुए आदेश दिया कि राहुल गांधी ऐसी किसी भी सामग्री का हवाला न दें जो अभी तक आधिकारिक तौर पर छपी या प्रकाशित नहीं हुई है।

Feb 11, 2026

12:18

विपक्ष के नोटिस में कमियां पाई गईं

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए प्रस्ताव लाने संबंधी विपक्ष के नोटिस में कमियां पाई गईं थी, जिसके बाद खुद बिरला ने इसमें सुधार करवा के कार्यवाही करने का निर्देश अपने सचिवालय को दिया। लोकसभा सचिवालय के सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि नोटिस में कुछ घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए चार जगहों पर वर्ष 2026 के बजाय 2025 लिखा गया था और इस आधार पर नोटिस को खारिज भी किया जा सकता था। विपक्ष ने बिरला को पद से हटाने के लिए प्रस्ताव लाने संबंधी नोटिस मंगलवार को लोकसभा महासचिव को सौंपा और बिरला पर पक्षपातपूर्ण तरीके से सदन संचालित करने, कांग्रेस सदस्यों पर झूठे इल्जाम लगाने तथा अपने पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। 

Feb 11, 2026

12:18

विपक्ष का वॉकआउट

लोकसभा में बुधवार को विपक्ष ने अपने आठ सांसदों का निलंबन वापस लेने की मांग को लेकर कुछ देर प्रदर्शन करने के बाद सदन से वॉकआउट किया।

अन्य न्यूज़