Penang Deputy CM जगदीप सिंह देव ने Akal Takht जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह से की मुलाकात

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मलेशिया के पेनांग राज्य के उप मुख्यमंत्री-द्वितीय वाई. बी. जगदीप सिंह देव के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आनंदपुर साहिब में अकाल तख्त के जत्थेदार से भेंट की। इस दौरान वैश्विक सिख समुदाय, मलेशिया में रह रहे सिखों और पंजाब के ऐतिहासिक सिख संस्थानों के बीच सांस्कृतिक व आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई। जत्थेदार ने मलेशिया में सिख विरासत एवं ऐतिहासिक गुरुद्वारों के संरक्षण के प्रति प्रतिनिधिमंडल की प्रतिबद्धता की सराहना की।

अमृतसर, नौ अगस्त पेनांग के उपमुख्यमंत्री-द्वितीय वाई. बी. जगदीप सिंह देव के नेतृत्व में मलेशिया के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को आनंदपुर साहिब में अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में मलेशियाई कारोबारी एवं समुदाय के नेता दातो (मानद उपाधि) प्रो. डॉ. बी. एस. बैंस, इतिहासकार सिमर सिंह और मीरपुर रियासत के परिवार से ताल्लुक रखने वाले अक्षय सिंह देव समेत अन्य लोग शामिल थे। एक बयान के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल ने वैश्विक सिख समुदाय, उसकी विरासत एवं धार्मिक संस्थानों, मलेशिया में रह रहे सिखों और पंजाब के ऐतिहासिक सिख संस्थानों के बीच सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने के महत्व पर चर्चा की।

देव ने अकाल तख्त साहिब के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त किया और कहा कि वह युवा पीढ़ी और भारत से बाहर रहने वाले सिखों को उनके धर्म, विरासत व इतिहास से जोड़ने का काम कर रहे सिख धार्मिक नेताओं की भूमिका की सराहना करते हैं। देव, पेनांग के वरिष्ठ नेता हैं और उनके परिवार की चौथी पीढ़ी मलेशियाई राजनीति में सक्रिय है। वह वर्तमान में पेनांग के उपमुख्यमंत्री-द्वितीय का पद संभाल रहे हैं, जो राज्य सरकार में दूसरा सबसे बड़ा राजनीतिक पद है।

वह 2008 से पेनांग में निर्वाचित जनप्रतिनिधि हैं। बयान के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल ने मलेशिया में ऐतिहासिक सिख संस्थानों और गुरुद्वारों के संरक्षण के महत्व पर भी जोर दिया। जत्थेदार ने मुलाकात के दौरान मलेशिया में सिख विरासत और ऐतिहासिक गुरुद्वारों के संरक्षण के प्रति प्रतिनिधिमंडल की प्रतिबद्धता की सराहना की।

उन्होंने दुनिया भर में युवा पीढ़ी और सिख प्रवासियों के बीच सिख पहचान, परंपराओं, गुरबाणी व सिख मूल्यों के संरक्षण के महत्व पर भी जोर दिया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़