सीमा पर रहने वाले 727 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

People on the border were taken to safer places

पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू और सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगी हुई भारतीय सीमा चौकियों और गांवों को निशाना बनाया जिससे कल छह नागरिक घायल हो गए।

जम्मू। जम्मू और सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे इलाकों में पाकिस्तानी सेना की तरफ से की जा रही गोलाबारी और गोलीबारी में फंसे 727 लोगों को पुलिस ने सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया है। पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू और सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगी हुई भारतीय सीमा चौकियों और गांवों को निशाना बनाया जिससे कल छह नागरिक घायल हो गए।

पुलिस प्रवक्ता ने आज बताया, “पाकिस्तान की सीमा से लगे हुए (अरनिया, आर एस पुरा और रामगढ़ सेक्टर) क्षेत्रों में रहनेवाले 727 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।” इनमें से जोराफार्म गांव में रहनेवाले 78 गुर्जर भी थे, जो गोलाबारी में फंसे हुए थे। पुलिस ने इन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। ठीक इसी तरह से अन्य लोगों को अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे हुए गांवों से निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

इस सप्ताह पाकिस्तानी सैनिकों की तरफ से लगातार अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी और गोलाबारी हुई है। पाकिस्तानी सैनिकों ने कल 15 से ज्यादा चौकियों को निशाना बनाया। भारतीय सैनिकों ने भी इसका माकूल जवाब दिया। कल देर रात तक रुक-रुक कर दोनों तरफ से गोलीबारी का सिलसिला जारी रहा। पाकिस्तानी सैनिकों ने सांबा जिले के रामगढ़ सेक्टर के जेरधा गांव में भी गोलाबारी की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़