Purnea में बोले PM Modi, सीमांचल को अवैध घुसपैठ का ठिकाना बनाने वाले कर रहे CAA का विरोध

PM Modi
ANI
अंकित सिंह । Apr 16 2024 2:06PM

मोदी ने कहा कि हम देश के कोने-कोने में बाबा साहेब के संविधान की भावना को लेकर जाएंगे। देश की युवा पीढ़ी को, देश के गौरवशाली संविधान के निर्माण की प्रक्रिया, उसके अध्याय और उसका महत्व बताएंगे। उन्होंने कहा कि आज हर कोई कह रहा है कि बड़े कामों का दम सिर्फ भाजपा और NDA के पास है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने आज बिहार में प्रचार करने पहुंचे। गया में प्रचार के बाद वह पूर्णिया में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि NDA सरकार की तीसरी पारी को लेकर पहले से भी ज्यादा उत्साह नजर आ रहा है। आपका ये उत्साह बता रहा है - फिर एक बार मोदी सरकार। विकसित भारत के लिए - 4 जून, 400 पार! उन्होंने कहा कि एक समय था, जब केंद्र की सरकारें बिहार को पिछड़ा कहकर पीछा छुड़ा लेती थीं। बिहार की सरकारें, सीमांचल को पिछड़ा कहकर पल्ला झाड़ लेती थीं। लेकिन हमने सीमांचल और पूर्णिया के विकास को अपना मिशन बनाया है।

इसे भी पढ़ें: Eid पर ममता के दंगा वाले बयान से क्यों मचा घमासान, बीजेपी ने दी संविधान व कानून के अनुरूप व्यवहार करने की नसीहत

नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार और पूर्णिया के पास सामर्थ्य की कभी कमी नहीं थी। हमारे बिहार का किसान भरपूर मक्का उत्पादन करता है, यहां जूट और मखाने की खेती भी बहुत होती है। पिछले 10 वर्षों में हमने जूट की MSP को बढ़ाकर दोगुना किया है। उन्होंने कहा कि बिहार का 20% मखाना अकेले पूर्णिया के किसान ही पैदा करते हैं। हमने आपके इस सामर्थ्य को प्रोत्साहन दिया। नतीजा ये हुआ कि आपने मखाना के बीज उत्पादन को करीब दोगुना कर दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आपके सपने ही मोदी का संकल्प हैं। इसलिए गांव, गरीब, दलित, वंचित, दशकों से जिन समस्याओं से जूझ रहे थे, मोदी ने 10 साल में उनका समाधान किया है। देश के 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर तब आए, जब हमने दिन-रात उनके लिए मेहनत की। देश के 4 करोड़ गरीबों को पीएम आवास तब मिला, जब आपने मोदी को सेवा करने का आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि मोदी इतने से ही संतुष्ट नहीं है। जो काम अभी तक हुआ है, वो तो सिर्फ ट्रेलर है। अभी हमें सीमांचल, बिहार और पूरे हिंदुस्तान को बहुत आगे लेकर जाना है।

नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारी सरकार ने देश में संविधान दिवस मनाने की शुरुआत की। आज बाबा साहेब के संविधान को सेलिब्रेट करने के लिए बच्चों के स्कूलों से लेकर, सुप्रीम कोर्ट और संसद तक में कार्यक्रम किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि ये वर्ष तो बहुत विशेष है। इस साल संविधान के 75 वर्ष की शुरुआत हो रही है। जैसे हमने आजादी के 75 वर्ष पर आजादी का अमृत महोत्सव मनाया, इसी तरह इस वर्ष हमें संविधान के 75 वर्ष का पर्व मनाना है।

नरेंद्र मोदी ने कहा कि दूसरी तरफ वो लोग हैं, जिन्होंने आपातकाल में संविधान को रद्द करने, संविधान को बंधक बनाने और संविधान को तोड़ने-मरोड़ने का काम किया था। जो लोग सत्ता और सरकार को एक परिवार की मुट्ठी में रखना चाहते हैं, संविधान उनकी आंखों में हमेशा खटकता है। इसलिए अब ये लोग संवैधानिक व्यवस्था से हुए चुनाव के नतीजों को अस्वीकार करने की धमकी देने लगे हैं। लेकिन इनके मंसूबे कामयाब न हों, इसके लिए हमें एकजुट होकर साथ खड़े रहना है।

इसे भी पढ़ें: Tripura में बोले Amit Shah, आदिवासी इलाकों का विकास करना बीजेपी की सर्वोच्च प्राथमिकता, कांग्रेस पर लगाया बड़ा आरोप

मोदी ने कहा कि हम देश के कोने-कोने में बाबा साहेब के संविधान की भावना को लेकर जाएंगे। देश की युवा पीढ़ी को, देश के गौरवशाली संविधान के निर्माण की प्रक्रिया, उसके अध्याय और उसका महत्व बताएंगे। उन्होंने कहा कि आज हर कोई कह रहा है कि बड़े कामों का दम सिर्फ भाजपा और NDA के पास है। पहले अड़ोस-पड़ोस के देश यहां हमला करके चले जाते थे, सीमा पर हमारे जवानों की आए दिन शहादत होती थी। आपका मन करता था कि इन्हें घर में घुसकर मारो। मोदी ने आपकी इच्छा का पालन किया और इसका नतीजा हुआ कि जो देश हमें आंखें दिखाता था, वो कटोरा लेकर भटक रहा है।

प्रधानमंत्री ने साफ तौर पर कहा कि वोटबैंक की राजनीति करने वालों ने पूर्णिया और सीमांचल को अवैध घुसपैठ का ठिकाना बनाकर, यहां की सुरक्षा को दांव पर लगाया है। इसका शिकार हमारे दलित, वंचित, पिछड़े और गरीब को होना पड़ा है। हमारे दलित भाइयों के घरों तक को जलाया गया था। लेकिन मैं आपको आश्वासन देने चाहता हूं कि देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाला हर तत्व सरकार की नजर में है। उन्होंने कहा कि 4 जून के परिणाम इसी सीमांचल की सुरक्षा तय करेगा। और जो लोग राजनीतिक फायदे के लिए CAA का विरोध कर रहे हैं, वो भी एक बात जान लें - ये मोदी है, ये न डरने वाला है और न ही झुकने वाला है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़