पुतिन के साथ वार्ता में अटलजी को बार बार याद किया मोदी ने

PM Narendra Modi invokes Vajpayee to assert India-Russia ''strategic'' ties

मोदी ने पुतिन के साथ अपनी वार्ता के दौरान अपने संबोधन में दो रणनीतिक साझेदारों भारत और रुस के बीच दृढ़ संबंधों को रेखांकित करने के लिए कई बार पूर्व प्रधानमंत्री एवं वयोवृद्ध राजनेता अटल बिहारी वाजपेयी का उल्लेख किया।

सोची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अपनी वार्ता के दौरान अपने संबोधन में दो रणनीतिक साझेदारों भारत और रुस के बीच दृढ़ संबंधों को रेखांकित करने के लिए कई बार पूर्व प्रधानमंत्री एवं वयोवृद्ध राजनेता अटल बिहारी वाजपेयी का उल्लेख किया। पुतिन के साथ अनौपचारिक वार्ता के लिए यहां आए मोदी ने अपने संबोधन में कम से कम सात बार 93 वर्षीय भाजपा राजनेता का जिक्र किया। पुतिन वर्ष 2000 में जब पहली बार रूस के राष्ट्रपति बने तब वाजपेयी भारत के प्रधानमंत्री थे।

मोदी के भाषण में वाजपेयी का पहला जिक्र तब हुआ जब उन्होंने पुतिन की रूसी राष्ट्रपति के रूप में 2000 में भारत की पहली यात्रा को याद किया। उन्होंने कहा, ''तब आपने हमारे संबंधों को परिभाषित करने के लिए भारत और रूस की सभ्यता तथा मजबूत एवं जीवंत लोकतंत्र की प्रशंसा की थी।’’ मोदी ने 2000 में पुतिन की यात्रा के दौरान वाजपेयी द्वारा दिये गये भाषण को उद्धृत करते हुए कहा, ''लंबे समय से रूस का दोस्त होने के नाते हम रूस को बहुध्रुवीय विश्व में अहम भूमिका निभाने वाले मजबूत और भरोसेमंद देश के रूप में देखना चाहते हैं।’’ उन्होंने कहा, ''यह देखकर हमें खुशी है कि अटल बिहारी वाजपेयी का सपना और उनकी दूरदृष्टि सच हुई।’’ 

मोदी ने कहा कि भारत और रूस के बीच रणनीतिक साझेदारी अब विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी में तब्दील हो गयी है जो एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। मोदी ने 2001 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ अपनी पहली रूस यात्रा को याद किया। उन्होंने कहा, ''मेरे राजनीतिक कॅरियर में भी रूस और आप काफी अहम हैं.... गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर किसी विदेशी नेता के साथ यह मेरी पहली भेंट थी। अतएव मेरे अंतरराष्ट्रीय संबंधों की शुरुआत आप से और रूस से हुई।’’ 

सोची में मोदी, पुतिन ने किया नौका विहार

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आज सोची में बोचारेव क्रीक से ओलंपिक पार्क के बीच नौका विहार किया। इससे पहले दोनों नेताओं ने अनौपचारिक सम्मेलन किया। दोनों नेता अपने पहले अनौपचारिक सम्मेलन के लिए काला सागर के तट पर स्थित इस शहर में हैं। 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया, ''काला सागर में नौका विहार! प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने सोची में बोचारेव क्रीक से ओलंपिक पार्क के बीच नाव पर सफर के दौरान विस्तृत चर्चा की।’’ इससे पहले मोदी ने रूस के राष्ट्रपति के साथ अपनी चर्चा के दौरान दोनों रणनीतिक साझीदारों के बीच के मजबूत रिश्ते को रेखांकित किया। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़