PM Narendra Modi करेंगे Cabinet की दो दिवसीय चिंतन बैठक की अध्यक्षता, दिल्ली में मंथन

केंद्र सरकार 23 और 24 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी में केंद्रीय कैबिनेट मंत्रियों के साथ चिंतन बैठक का आयोजन करेगी। इस सत्र की अध्यक्षता प्रधानमंत्री करेंगे, जिसमें शासन, नीति-निर्माण और प्रमुख सुधारों के क्रियान्वयन पर चर्चा की जाएगी। मंत्रियों द्वारा अपने-अपने विभागों के नीतिगत फैसलों पर प्रस्तुति देने की भी संभावना है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शासन और नीति-निर्माण से जुड़े प्रमुख पहलुओं पर चर्चा करने तथा सुधारों पर विशेष ध्याने के लिये अगले सप्ताह केंद्रीय मंत्रिमंडल के साथ दो दिवसीय ‘चिंतन बैठक’ की अध्यक्षता करेंगे। सूत्रों ने इसकी जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में शासन और नीति निर्माण से जुड़े अहम पहलुओं पर चर्चा होगी, जिसमें सुधारों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मामले से अवगत सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि विचार-विमर्श का यह सत्र 23 और 24 सितंबर को दिल्ली में आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी केंद्रीय कैबिनेट मंत्री शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि सभी कैबिनेट मंत्रियों को अगले सप्ताह बैठक की तैयारी और इसमें शामिल होने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में रहने को कहा गया है। यह तत्काल स्पष्ट नहीं है कि राज्य मंत्रियों को भी इस सत्र में शामिल होने के लिए बुलाया गया है या नहीं।
सूत्रों ने बताया कि कुछ मंत्री अपनी-अपनी मंत्रालयों की ओर से किए गए नीतिगत फैसलों और विभिन्न क्षेत्रों में सुधारों को आगे बढ़ाने के लिए उठाए गए कदमों पर प्रस्तुति दे सकते हैं। प्रधानमंत्री पहले भी सुधारों पर जोर देते रहे हैं और उन्होंने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों से कहा है कि लोगों की समस्याओं का समाधान करना व जीवन को आसान बनाना सरकार के प्रमुख उद्देश्य होने चाहिए। सूत्रों के अनुसार, ‘चिंतन बैठक’ में इन मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
प्रस्तुतियों में नीति निर्माण की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और परिणामदायी बनाने के तरीकों पर ध्यान केंद्रित किया जा सकता है। बैठक में सरकारी योजनाओं की प्रगति, नीतियों के क्रियान्वयन, समय प्रबंधन, विभिन्न मंत्रालयों के बीच समन्वय और जनसेवा उपलब्ध कराने के साथ-साथ आगे की कार्ययोजना पर भी चर्चा होने की संभावना है।
अन्य न्यूज़














