त्रिपुरा युवक नस्ली दुर्व्यवहार: Pradyot Debbarma ने की आरोपी YouTuber को राज्य लाने की मांग

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

टिपरा मोथा पार्टी के प्रमुख प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने त्रिपुरा के युवक के साथ नस्ली दुर्व्यवहार के मामले में निष्पक्ष जांच के लिए आरोपी दिल्ली के कंटेंट क्रिएटर को राज्य लाने की मांग की है। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री माणिक साहा ने राज्य पुलिस को दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया है।

टिपरा मोथा पार्टी के संस्थापक प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने बृहस्पतिवार को पुलिस से आग्रह किया कि त्रिपुरा के एक युवक के साथ नस्ली दुर्व्यवहार के आरोपी दिल्ली के कंटेंट क्रिएटर को निष्पक्ष जांच के लिए राज्य लाया जाए। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कथित तौर पर कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को युवक के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करते हुए देखा जा सकता है। इस घटना की पूर्वोत्तर के विभिन्न हिस्सों में व्यापक निंदा हुई है।

इस विवाद के बाद त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने राज्य के पुलिस प्रमुख को दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया। वहीं, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने कंटेंट क्रिएटर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। त्रिपुरा पुलिस में भी एक शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें शौकीन पर नस्ली उत्पीड़न, साइबर धमकी देने और राज्य के मूल निवासी समुदायों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया गया है।

देबबर्मा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, ‘‘शौकीन ने न केवल राज्य के एक मूल निवासी युवक का अपमान किया है, बल्कि हमारे राज्य के गौरव और सम्मान को भी ठेस पहुंचाई है। हमने यहां कंटेंट क्रिएटर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है, इसलिए निष्पक्ष जांच के लिए उसे राज्य लाया जाना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सुना है कि उसने वीडियो के लिए माफी मांगी है। उसने जो किया, वह अश्लील है।

उसे अपने गलत काम की कीमत चुकानी होगी और हमें ऐसे वीडियो दोबारा बनाए जाने को रोकना होगा।’’ देबबर्मा ने कहा कि उन्होंने पीड़ित से बात की है, जो उत्तर त्रिपुरा के आनंद बाजार क्षेत्र का रहने वाला है। उन्होंने कहा कि यदि वह राज्य लौटना चाहता है, तो उसे हरसंभव मदद दी जाएगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़