प्रधानमंत्री मोदी की विश्वसनीयता राजग को बिहार की सभी 40 लोकसभा सीट जीतने में मदद करेगी: Giriraj

Giriraj Singh
ANI

भाजपा नेता ने कहा कि आम जनता, गरीबों और किसानों के बीच प्रधानमंत्री की विश्वसनीयता बहुत अधिक है। भाजपा ने रविवार को बिहार की 17 लोकसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी जिसमें बेगूसराय से सिंह भी शामिल हैं।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘‘विश्वसनीयता’’ के कारण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बिहार की सभी 40 लोकसभा सीट पर जीत दर्ज करेगा।

बेगूसराय लोकसभा सीट से लगातार दूसरी बार चुनाव लड़ रहे गिरिराज सिंह ने कहा, ‘‘मतदाता जानते हैं कि विकास ही प्रधानमंत्री का एकमात्र एजेंडा है।’’ बेगूसराय से निवर्तमान सांसद सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मैं अपनी विश्वसनीयता के बारे में निश्चित नहीं हूं। लेकिन हमारे प्रधानमंत्री की विश्वसनीयता अद्वितीय है और उनके कारण ही राजग बिहार में बेगूसराय सहित सभी 40 लोकसभा सीट जीतेगा।’’

भाजपा नेता ने कहा कि आम जनता, गरीबों और किसानों के बीच प्रधानमंत्री की विश्वसनीयता बहुत अधिक है। भाजपा ने रविवार को बिहार की 17 लोकसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी जिसमें बेगूसराय से सिंह भी शामिल हैं।

पार्टी ने केंद्रीय मंत्री एवं बक्सर से मौजूदा सांसद अश्विनी कुमार चौबे सहित तीन मौजूदा सांसदों को इसबार टिकट नहीं दिया है। सिंह के अलावा आरा से आरके सिंह और उजियारपुर से नित्यानंद अन्य केंद्रीय मंत्री हैं जिन्हें पार्टी ने दोबारा मैदान में उतारा है।

बेगूसराय में किए गए विकास कार्यों के बारे सिंह ने कहा, ‘‘संप्रग (विपक्षी कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन)शासन के दौरान इस निर्वाचन क्षेत्र की उपेक्षा की गई थी। संप्रग शासन के दौरान बेगूसराय को रिफाइनरी के ‘डंपिंग यार्ड’ में बदल दिया गया था। मोदी जी के तहत राजग सरकार ने 25,000 करोड़ रुपये का प्रावधान कर बेगूसराय रिफाइनरी की क्षमता का विस्तार किया।’’ उन्होंने कहा कि केंद्र ने बरौनी उर्वरक इकाई में भी 10,000 करोड़ रुपये का निवेश किया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़