Punjab BJP अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने नितिन नवीन से मुलाकात की, 2027 चुनाव पर चर्चा की

पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। इस बैठक में राज्य के कृषि, युवाओं की समस्याओं, सीमा सुरक्षा और शहरी विकास जैसे अहम मुद्दों पर पार्टी का रोडमैप तैयार करने पर बात हुई। हाल ही में संगठन में हुए फेरबदल के बाद पार्टी कैडर में उभरे असंतोष के बीच यह महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई है।
चंडीगढ़, नौ अगस्त भारतीय जनता पार्टी की पंजाब इकाई के प्रमुख केवल सिंह ढिल्लों ने रविवार को कहा कि उन्होंने दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की और 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति एवं राज्य में पार्टी संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की। ढिल्लों ने कहा कि बैठक में पंजाब के कृषि, युवाओं, सीमा सुरक्षा और शहरी विकास जैसे अहम मुद्दों को ध्यान में रखते हुए पार्टी के भविष्य के रोडमैप पर ठोस चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक हाल में हुए संगठनात्मक फेरबदल को लेकर प्रदेश भाजपा में असंतोष के बीच, शनिवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और प्रदेश सचिव (संगठन) मंत्री श्रीनिवासुलु को तलब किया गया।
संगठनात्मक फेरबदल से नेताओं के कुछ वर्गों में असंतोष पैदा हुआ। उन्होंने पार्टी के प्रदेश नेतृत्व पर पुराने कैडर को दरकिनार करने का आरोप लगाया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से प्रदेश अध्यक्ष की मुलाकात ऐसे समय हुई है जब शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट की।
बादल की मोदी से भेंट से इस क्षेत्रीय पार्टी के फिर से भाजपा के साथ गठबंधन करने की अटकलें तेज हो गई हैं। ढिल्लों ने एक बयान में कहा कि पंजाब में पार्टी संगठन को मज़बूत करने और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति बनाने के मकसद से दिल्ली में नवीन और भाजपा नेता सतीश पूनिया के साथ एक अहम बैठक हुई। ढिल्लों ने कहा कि आने वाले दिनों में हर ज़िले, हर मंडल और हर गाँव के स्तर पर मज़बूत टीम बनाई जाएंगी, जिनसे आगामी चुनावों में अच्छे नतीजे मिलेंगे।
पार्टी के बयान के अनुसार, पंजाब में मादक पदार्थ, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और खेती-किसानी से जुड़े संकट जैसे गंभीर मुद्दों पर प्रदेश इकाई ने राज्य में अपनी संपर्क अभियान तेज कर दिया है। बयान में कहा गया है कि पार्टी लगातार गांव और शहर के स्तर पर संपर्क कार्यक्रम आयोजित कर रही है, ताकि केंद्र सरकार की जन-हितैषी योजनाओं का लाभ पंजाब के हर परिवार तक सीधे पहुंच सके। आम आदमी पार्टी सरकार तीखा निशाना साधते हुए ढिल्लों ने कहा कि पंजाब नशे की समस्या, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और युवाओं के विदेश पलायन जैसे संकटों से जूझ रहा है, लेकिन सत्ताधारी पार्टी के पास इन समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब को एक बार फिर सुरक्षित, समृद्ध और प्रगतिशील राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गुरु रविदास की 650वीं जयंती समारोह के तहत देश भर में चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत, गुरु के जन्मस्थान से लाई गई पवित्र मिट्टी के साथ एक कलश यात्रा पंजाब के गांवों में निकाली जा रही है, खासकर दोआबा इलाके में, जहां दलित आबादी ज़्यादा है।
अन्य न्यूज़













