पंजाब में विशेष अभियान के तहत 16 दिनों में एक करोड़ से अधिक गणना प्रपत्रों का डिजिटलीकरण

Prabhasakshi Image

पंजाब में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के पहले 16 दिनों में एक करोड़ से अधिक गणना प्रपत्रों का डिजिटलीकरण पूरा हो गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि 99.34 प्रतिशत प्रपत्र बांटे जा चुके हैं। राज्य में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन एक अक्टूबर को किया जाएगा।

पंजाब में मतदाता सूची को त्रुटिहीन और मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को बड़ी सफलता मिली है। अभियान के शुरू होने के पहले 16 दिनों के भीतर ही एक करोड़ से अधिक गणना प्रपत्रों का सफलतापूर्वक डिजिटलीकरण कर लिया गया है। पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अनिंदिता मित्रा ने शनिवार को इस महत्वपूर्ण प्रगति की जानकारी साझा की।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लगभग सभी मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए अब तक 99.34 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन प्रपत्रों को इकट्ठा करना और उनका समय पर डिजिटलीकरण करना, एक शुद्ध मतदाता सूची तैयार करने और लोकतांत्रिक प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में बेहद अहम कदम है।

इस अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने वाले अधिकारियों की सराहना करते हुए सीईओ ने बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ), पर्यवेक्षकों, सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) और निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) के प्रयासों को सराहा। उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों की मुस्तैदी की वजह से ही राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों और 24,453 मतदान केंद्रों पर प्रपत्रों का वितरण, संग्रह और डिजिटलीकरण का काम समय पर पूरा हो सका है।

अभियान की रफ्तार बढ़ाने और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंजाब में 11 और 12 जुलाई को दो दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का समय सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक निर्धारित किया गया है, जहां नागरिक इस प्रक्रिया का हिस्सा बन सकते हैं।

आगे के चुनावी कार्यक्रमों का विवरण देते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों को युक्तिसंगत बनाने का कार्य 24 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद, तीन अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। इस प्रारूप को लेकर नागरिक अपनी दावे और आपत्तियां तीन अगस्त से दो सितंबर तक दर्ज करा सकेंगे, जिनका निपटारा तीन अगस्त से 28 सितंबर के बीच किया जाएगा। अंतिम रूप से तैयार मतदाता सूची का प्रकाशन एक अक्टूबर को किया जाएगा।

All the updates here:

अन्य न्यूज़