फॉर्म-6 में बदलाव कर BJP को फायदा पहुंचाने का आरोप, राहुल गांधी ने CEC को घेरा

Rahul Gandhi
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मतदाता फॉर्म-6 में अवैध रूप से बदलाव करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि यह कदम भारतीय जनता पार्टी को चुनावी लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से पद के दुरुपयोग का स्पष्ट प्रमाण है।

नयी दिल्ली, पांच अक्टूबर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने फॉर्म-6 में ‘‘अवैध और एकतरफा’’ तरीके से बदलाव किए और यह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मदद पहुंचाने के लिए अपने पद के दुरुपयोग का ‘‘एक और सबूत’’ है। गांधी ने 26 सितंबर की निर्वाचन आयोग के एक प्रेस नोट का हवाला देते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अब यह संदेह से परे स्थापित हो चुका है कि ज्ञानेश कुमार ने फॉर्म-6 में अवैध और एकतरफा तरीके से बदलाव किया।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह भाजपा की मदद करने के लिए उनके पद का दुरुपयोग करने का एक और सबूत है।’’ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि लोकतंत्र पर ‘‘इस आपराधिक हमले’’ में शामिल ज्ञानेश कुमार और अन्य सभी लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। कांग्रेस नेता ने जिस प्रेस नोट का उल्लेख किया, उसमें निर्वाचन आयोग ने कहा था कि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान फॉर्म-6 के साथ संलग्न घोषणा-पत्र को उच्चतम न्यायालय द्वारा सही ठहराया गया है।

दूसरी तरफ, प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने सोमवार को स्पष्ट किया कि उच्चतम न्यायालय ने विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले फॉर्म-6 के किसी संशोधित संस्करण को मंजूरी नहीं दी है। उन्होंने यह टिप्पणी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अभियोग चलाए जाने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई के दौरान की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़