राजनाथ सिंह बोले- हम किसी को छेड़ेंगे नहीं लेकिन हमें किसी ने छेड़ दिया तो उसे छोडेंगे नहीं

Rajnath Singh
अंकित सिंह । Nov 27 2021 4:05PM

राममंदिर का जिक्र करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि जब हम कहते थे- रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। तब हमारे विरोधी कहते थे- भाजपा के लोग ऐसे ही बोलते हैं, जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम करते हैं। हम लोग जानते थे- हम किसी को गुमराह नहीं कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश चुनाव को देखते हुए भाजपा ने राज्य में अपना अभियान शुरू कर दिया है। भाजपा लगातार अपने बूथ कार्यकर्ताओं को मजबूत करने की कोशिश कर रही है। इसी कड़ी में आज उत्तर प्रदेश के जौनपुर में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सीतापुर के बाद जौनपुर में मैं कार्यकर्ताओं का जोश और उत्साह देख रहा हूं। उसको देख कर मैं यह कह सकता हूं कि तीन चौथाई बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है। इसके साथ ही रक्षा मंत्री ने कहा कि हम तो किसी को छेड़ेंगे नहीं लेकिन हमें किसी ने छेड़ दिया तो हम उसे छोडेंगे नहीं। हमने कभी किसी देश की एक इंच जमीन पर कब्ज़ा नहीं किया है। अगर कोई हमारी ज़मीन पर कब्ज़ा करने की कोशिश करेगा तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं।

कांग्रेस पर हमला

दिग्गज भाजपा नेता ने कहा कि सबसे आनंद की बात यह है कि मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा वापस काशी में आ गई है, जिसे यहां से चुराकर दूसरे देशों में पहुंचाया गया था। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुन: उसको भारत में लाने का काम किया है। दुनिया में इतनी बड़ी मुफ्त राशन योजना लागू करने वाला जो देश है, वो भारत देश है। कांग्रेस पर हमला करते हुए राजनाथ ने कहा कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई में आतंकियों का हमला हुआ था। पाकिस्तान से आए आतंकियों ने मुंबई में कायराना हमला किया था। उस वक्त की कांग्रेस सरकार को जो प्रभावी कदम उठाना चाहिए था, उसने नहीं उठाया। आज हर भारतीय इस सच्चाई को स्वीकार करेगा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आतंकियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। 

इसे भी पढ़ें: हम जनता की आंखों में धूल नहीं झोंकते बल्कि आंखों में आंखें डालकर राजनीति करते हैं: राजनाथ सिंह

योगी की तारीफ

राममंदिर का जिक्र करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि जब हम कहते थे- रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। तब हमारे विरोधी कहते थे- भाजपा के लोग ऐसे ही बोलते हैं, जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम करते हैं। हम लोग जानते थे- हम किसी को गुमराह नहीं कर रहे हैं। जब देश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी, हमने चुटकी बजाकर धारा 370 को खत्म किया। आज अयोध्या की धरती पर भव्य श्रीराम का मंदिर बनकर तैयार हो रहा है। जो लोग मानते थे कि राम मंदिर बनने का सपना साकार नहीं होगा, वो आज देख सकते हैं। योगी की तारीफ राजनाथ ने कहा कि आज मुख्यमंत्री का नाम सुनते ही गुंडे- माफियाओं के दिल में दहशत पैदा हो जाती है। कानून व्यवस्था की स्थिति बेहतर हुई है, तो प्रदेश में निवेश भी आया। आप तो जानते ही हैं कि योगी जी कितने बड़े बल्लेबाज है। जिस दिन सोशल मीडिया में योगी जी कंधे पर मोदी जी के हाथ रखी तस्वीर आई थी। तब जानते हैं मोदी जी ने क्या कहा था- योगी जी आप चिंता मत करिए। आप धड़ाधड़ बैंटिंग करते जाइए। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़