Rajnath Singh ने Congress पर साधा निशाना, कहा चुनावी हार से हताश होकर संस्थाओं को कर रहे कमजोर

जम्मू में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी पराजय से हताश होकर विपक्षी दल भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और अशांति फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। रक्षा मंत्री ने हैदराबाद के भारत समिट में प्रधानमंत्री के खिलाफ लगाए गए नारों पर भी कड़ा ऐतराज जताया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि लगातार चुनावी हार से हताश होकर ये पार्टियां भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने, राजनीतिक अशांति पैदा करने और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या एक स्वस्थ लोकतंत्र में, आंदोलन और कथित राजनीतिक पैंतरों के जरिए सरकार को अस्थिर करने की कोशिशों को उचित ठहराया जा सकता है। सिंह ने कहा, ‘‘हो सकता है कि कुछ अन्य देशों के लोग इस तरह के बर्ताव को बर्दाश्त कर लें, लेकिन भारत के लोग, जो लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखते हैं, इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।’’ हैदराबाद में कांग्रेस द्वारा हाल में आयोजित ‘भारत समिट’, जिसमें राहुल गांधी भी शामिल हुए थे, का जिक्र करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता ने प्रधानमंत्री के खिलाफ लगाए गए नारों पर आपत्ति जताई।
उन्होंने ‘‘वोट चोर, गद्दी छोड़’’ नारे का जिक्र किया और आरोप लगाया कि इटली के एक नेता ने भी इस सम्मेलन में इस तरह के नारे लगाए थे। उन्होंने कहा कि ऐसी भाषा किसी भी स्वाभिमानी भारतीय को स्वीकार्य नहीं है। पार्टी के घटते जनाधार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अगर यही रुझान जारी रहा, तो अंत में कांग्रेस के पास उतने ही सांसद और विधायक बचेंगे, जितने कि उसके नेताओं के परिवार के सदस्य हैं।
रक्षा मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी किसी भी कीमत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पद से हटाने की कोशिश कर रहे हैं, और उनकी यही राजनीतिक हताशा अस्थिरता पैदा करने के प्रयासों को बढ़ावा दे रही है।
अन्य न्यूज़













