महाराष्ट्र: रॉबर्ट वाद्रा ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की सराहना की, राहुल गांधी की तुलना शिरडी के साईबाबा से की

Robert Vadra
ANI

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जीजा और व्यवसायी रॉबर्ट वाद्रा ने रविवार को यहां कहा कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से देश में बदलाव देखने को मिलेगा क्योंकि हजारों लोग इससे जुड़ रहे हैं और उन्हें भविष्य की उम्मीद के तौर पर देख रहे हैं।

शिरडी (महाराष्ट्र)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जीजा और व्यवसायी रॉबर्ट वाद्रा ने रविवार को यहां कहा कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से देश में बदलाव देखने को मिलेगा क्योंकि हजारों लोग इससे जुड़ रहे हैं और उन्हें भविष्य की उम्मीद के तौर पर देख रहे हैं। महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के शिरडी शहर में प्रसिद्ध साईं बाबा मंदिर में पूजा करने के लिए आए वाद्रा ने यह भी कहा कि राहुल गांधी की सोच आध्यात्मिक नेता (साईं बाबा) के समान है, जिन्होंने एकता का प्रचार किया, हालांकि उन्होंने इस बारे में विस्तार से नहीं कहा।

इसे भी पढ़ें: राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा से अपनी नेतृत्व क्षमता साबित की: शत्रुघ्न सिन्हा

‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी कई जगहों पर जा रहे हैं और हजारों लोगों से मिल रहे हैं। ये लोग बड़ी संख्या में उनसे जुड़ रहे हैं। भविष्य में बदलाव आएगा क्योंकि राहुल गांधी लोगों के लिए नयी उम्मीद बनकर उभरे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सरकार (केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली) हमारी विफलताओं के बारे में बात करेगी। वे पार्टी (कांग्रेस) का मजाक उड़ाएंगे, लेकिन राहुल, प्रियंका (गांधी वाद्रा) नहीं रुकेंगे। हम लोगों के बीच हैं और उनके लिए एकजुट होकर काम करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि गांधी परिवार को लोगों का अपार प्यार मिल रहा है और नवनिर्वाचित कांग्रेस अध्यक्ष (मल्लिकार्जुन खरगे) जनता की मदद करने का प्रयास करेंगे।

इसे भी पढ़ें: खट्टर सरकार की हार की उलटी गिनती आदमपुर उपचुनाव से शुरू होगी : भूपेंद्र सिंह हुड्डा

पुरानी प्रतिष्ठित पार्टी छोड़ने की सोच रखने वालों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘जो छोड़ना चाहते हैं वे जा सकते हैं, लेकिन जो रहेंगे वे सोनिया गांधी के बलिदान और राहुल एवं प्रियंका के प्रयासों को समझेंगे।’’ वाद्रा ने यहां मंदिर में पूजा करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि साईं बाबा ने एकता का संदेश दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘मौजूदा वक्त में हमारा देश बहुत संकट का सामना कर रहा है। राहुल गांधी की सोच साईं बाबा के समान है। आशा है कि उन्हें आशीर्वाद (संत का)मिलेगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़