प्रियंका गांधी के चुनाव प्रचार करने पर भी भाजपा को उपचुनाव जीतने में कठिनाई नहीं होगी: सिंधिया

Scindia

राज्यसभा सदस्य सिंधिया ने दावा किया कि इन सभी 28 सीटों पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा का परचम लहरायेगा और आगे आने वाले वर्षों में हम प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाएंगे।

अशोकनगर (मध्य प्रदेश)। भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि यदि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मध्य प्रदेश विधानसभा की 28 सीटों के लिए होने वाले आगामी उपचुनाव में अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के लिए ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में चुनाव प्रचार करतीं हैं, तो भी भाजपा को उपचुनाव जीतने में कोई कठिनाई नहीं होगी। सिंधिया ने एक सवाल के जवाब में अशोकनगर जिले के राजपुर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘ये मेरा मध्य प्रदेश एवं मेरा ग्वालियर-चंबल संभाग सबका स्वागत करता है। (इस उपचुनाव में प्रियंका के चुनाव प्रचार करने से भी भाजपा को) कोई कठिनाई नहीं होगी।’’ उनसे मध्य प्रदेश विधानसभा के आगामी उपचुनाव में, विशेष रूप से ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में प्रियंका गांधी द्वारा चुनाव प्रचार करने की संभावनाओं पर सवाल पूछा गया था। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र सिंधिया का गढ़ कहलाता है और प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में से 16 सीटें इसी इलाके में आती हैं। राज्यसभा सदस्य सिंधिया ने दावा किया कि इन सभी 28 सीटों पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा का परचम लहरायेगा और आगे आने वाले वर्षों में हम प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कमलनाथ के नेतृत्व वाली 15 महीने की पूर्ववर्ती कांग्रेस नीत सरकार ने भ्रष्टाचार कर प्रदेश को तबाह कर दिया था। पूर्व केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि अब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान फिर से प्रदेश को विकास के मार्ग पर ले जाएंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़